Knews Desk- उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। 15 वर्षीय अंकित अहिरवार क्रिकेट खेलने के लिए घर के पास मैदान में गया था, लेकिन मामूली विवाद के बाद वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। परिजनों का आरोप है कि दो लड़के उसे अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
विवाद, फिर गायब हुआ छात्र
यह घटना बबीना थाना क्षेत्र की बीएचईएल पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले खजराहा गांव की है। गांव निवासी कोमल अहिरवार का बेटा अंकित अहिरवार एनडी तिवारी स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। परिजनों के मुताबिक, अंकित रोज की तरह घर के पास मैदान में क्रिकेट खेलने गया था। इसी दौरान कुछ लड़कों से उसका विवाद हो गया।
परिवार का कहना है कि विवाद के कुछ समय बाद दो लड़के अंकित को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बेटे की तलाश में दर-दर भटक रही मां
अंकित के लापता होने के बाद परिवार में मातम जैसा माहौल है। मां उमा अहिरवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इकलौते बेटे के अचानक गायब होने से वह परेशान हैं और किसी अनहोनी की आशंका से डरी हुई हैं।
परिजनों ने देर रात तक अंकित को दोस्तों, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश किया, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने बबीना थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।
CCTV और सर्विलांस से संदिग्धों की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम गांव पहुंचकर घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अंकित के साथ क्रिकेट खेलने वाले दोस्तों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने संदिग्ध लड़कों की पहचान के लिए सर्विलांस टीम को भी लगाया है। अधिकारियों का कहना है कि छात्र की सुरक्षित बरामदगी के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।