KNEWS DESK – नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म में भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारे अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं। हाल ही में हुए फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अभिनेता सनी देओल ने हनुमान के किरदार को लेकर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की भूमिका निभाना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।
हनुमान के किरदार को लेकर बोले सनी देओल
इवेंट के दौरान सनी देओल ने बताया कि उन्होंने अभी ‘रामायण’ की शूटिंग का शुरुआती हिस्सा ही पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इस किरदार को निभाने के लिए उन्हें काफी मेहनत और समर्पण की जरूरत है।
सनी ने कहा कि ‘रामायण’ हर भारतीय के लिए बेहद खास है और उन्हें खुशी है कि उन्हें भगवान हनुमान की भूमिका निभाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वह इस किरदार को पूरी ईमानदारी और श्रद्धा के साथ निभाने की कोशिश करेंगे।
बोले- हनुमान जी का किरदार आसान नहीं
सनी देओल ने कहा कि हनुमान जी का किरदार निभाना बिल्कुल आसान नहीं है, क्योंकि यह सिर्फ अभिनय नहीं बल्कि भावनाओं और आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी बेहद शक्तिशाली होने के साथ-साथ सरल, भोले और भगवान श्रीराम के परम भक्त हैं।
https://www.instagram.com/reels/Da9FSRPgw0d/
अभिनेता ने कहा कि उन्हें इस भूमिका को निभाने में काफी आनंद आएगा और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक भी फिल्म को बहुत प्यार देंगे। उन्होंने कहा कि हर भारतीय के दिल में भगवान राम और हनुमान जी के लिए खास स्थान है।
रणबीर, साई पल्लवी और यश निभाएंगे अहम किरदार
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में दिखाई देंगी। वहीं, साउथ स्टार यश फिल्म में लंकापति रावण की भूमिका निभा रहे हैं। सनी देओल हनुमान के रूप में नजर आएंगे।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

दो पार्ट में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। आईमैक्स फॉर्मेट में बनाई जा रही इस फिल्म का पहला भाग साल 2026 में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा पार्ट 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सनी देओल जल्द ही फिल्म ‘बंटवारा 1947’ में नजर आने वाले हैं। हाल ही में फिल्म का दूसरा टीजर रिलीज किया गया है। यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, फैंस अब सनी देओल को हनुमान के किरदार में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।