मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, कार में आग लगने से 6 लोग जिंदा जले

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर जागाहेड़ी के पास तेज रफ्तार बेकाबू कार सड़क किनारे लगे लाइट पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसमें सवार 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

Knews Desk – मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह एक कार पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान जागाहेड़ी के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और हाईवे पर लगे लाइट पोल में जा घुसी। कार और पोल के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में तुरंत आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। हादसे में कार सवार सभी 6 लोगों की आग में जिंदा जलकर मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद कार में मौजूद सभी 6 लोगों के शवों को बाहर निकलवाया।

पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान अभी सुनिश्चित नहीं हो पाई है। हादसे में कार ड्राइवर के अलावा 10 से 12 साल की उम्र का एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार अचानक बेकाबू कैसे हुई और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले से जुड़ी अन्य जानकारी भी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *