KNEWS DESK– उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ में दीपावली की शाम सनसनीखेज गोलीकांड सामने आया। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी की पहचान कांग्रेस के जिला महासचिव अमोल दीक्षित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने थाने में सरेंडर कर दिया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान ककराई मोहल्ला निवासी अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी (36) पुत्र गणेश शंकर चतुर्वेदी के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में छिबरामऊ के सौ शैया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अनुज चतुर्वेदी भाजपा की छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय के पारिवारिक भतीजे थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद के दौरान बीच-बचाव करते समय अधिवक्ता को गोली लगी। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक अर्चना पांडेय अस्पताल पहुंचीं। अधिवक्ता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी, मां सुमन और सात वर्षीय बेटी श्रद्धा को छोड़ गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कोतवाली के इतने नजदीक हुई वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।