KNEWS DESK- पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में अचानक भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। 8 नवंबर को राज्य में पराली जलाने की रिकॉर्ड 1,152 घटनाएं सामने आईं, जो पिछले तीन वर्षों में एक दिन के लिए सबसे अधिक हैं। इस दौरान संगरूर जिले में सबसे ज्यादा 194 मामले दर्ज किए गए, जबकि रूपनगर में सबसे कम एक मामला सामने आया।
पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर (PRSC) के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को सैटेलाइट के जरिए पूरे राज्य में 1,152 सक्रिय पराली आग की घटनाएं दर्ज की गईं। इससे एक दिन पहले 7 नवंबर को सिर्फ 163 मामले सामने आए थे। इसके साथ ही इस सीजन में पंजाब में पराली जलाने की कुल घटनाएं बढ़कर 4,459 हो गई हैं।
पिछले वर्षों के आंकड़ों से तुलना करें तो 8 नवंबर 2024 को 730 और 2025 में 238 आग की घटनाएं दर्ज हुई थीं। इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 1,152 पहुंच गया। धान कटाई के सीजन में पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी वायु प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ाती है।
यह आंकड़ा वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देश पर PRSC द्वारा उपग्रह रिमोट सेंसिंग के जरिए मानक प्रोटोकॉल के तहत तैयार किया गया है। राज्य में पराली जलाने के मामलों पर प्रशासन ने कार्रवाई भी की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब तक 62 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें 33 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है।
इसके अलावा करीब 900 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में 1,017 रेड एंट्री की गई हैं। दिवाली के दिन पराली जलाने के मामलों में आया यह उछाल प्रशासन और पर्यावरण से जुड़े विभागों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।