KNEWS DESK– उत्तराखंड में 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और उत्तराखंड की विकास यात्रा की सराहना की।
उत्तर प्रदेश से अलग एक पर्वतीय राज्य के रूप में उत्तराखंड के गठन के लिए लंबे समय तक आंदोलन चला था। इस संघर्ष में 40 से अधिक आंदोलनकारियों के बलिदान के बाद 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री हर वर्ष शहीद स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि देते हैं। इस बार भी सीएम धामी ने शहीदों को नमन किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों से जुड़े ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 9 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड अलग राज्य बना था। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय जिन आकांक्षाओं के साथ उत्तराखंड का निर्माण हुआ था, प्रदेश उन्हें साकार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
PM मोदी ने उत्तराखंड को हिमालय, पवित्र नदियों और चारधाम की परंपरा से समृद्ध बताते हुए कहा कि मां गंगा और यमुना जैसी नदियों का उद्गम इसी धरती से होता है। पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम प्रदेश को देश की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाते हैं। उन्होंने उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता वाला प्रदेश बताया और कहा कि डबल इंजन की सरकार इस लक्ष्य की दिशा में लगातार काम कर रही है।