दिवाली पर हादसों की काली रात, MP-महाराष्ट्र-असम समेत कई राज्यों में मौतें

KNEWS DESK- दीपावली के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में आग लगने और पटाखों से जुड़े हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, राजस्थान, दिल्ली, ओडिशा और तमिलनाडु समेत कई जगहों से हादसों की खबरें सामने आईं। इन घटनाओं में 30 से ज्यादा लोगों की जान चली गई, जबकि कई मकान और दुकानें जलकर राख हो गईं।

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो महीने के मासूम की मौत हो गई। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी शवों को बाहर निकाला गया।

वहीं, सिवनी के छपारा स्थित जैन मोहल्ले में सर्राफा कारोबारी कुंदन सोनी के मकान में तड़के करीब 3 बजे आग लग गई। छह लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन इनमें पांच की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में दमकल और प्रशासन की टीमों को रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येदशी गांव में किराने की दुकान और उसके ऊपर बने मकान में भीषण आग लग गई। जहरीले धुएं के कारण एक ही परिवार के छह लोगों की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई। मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित लोखंडवाला की हाईराइज बिल्डिंग में आग से एक व्यक्ति की मौत हुई। पुणे में दीपावली के दौरान आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं।

असम के डिब्रूगढ़ में ऑयल इंडिया के प्लांट में आग लगने से चार कर्मचारियों की झुलसकर मौत हो गई। राजस्थान के पाली के फालना में पटाखों की दुकान में चिंगारी गिरने से आग लगी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। दिल्ली के नरेला में पटाखे का रॉकेट 10 साल के बच्चे के शरीर पर जा लगा, जिससे उसकी जान चली गई। तमिलनाडु में भी आतिशबाजी के दौरान एक बच्चे की मौत की खबर सामने आई।

ओडिशा के जाजपुर जिले के नालीपुर गांव में मकान में आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, मध्य प्रदेश के उज्जैन में नागझिरी क्षेत्र में आग के दौरान 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। दीपावली की खुशियों के बीच हुए इन हादसों ने कई परिवारों को गहरा दुख दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *