उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हुए तीन सड़क हादसों में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। लखनऊ में बस खाई में पलटने से करीब 35 लोग घायल हुए, वहीं मुजफ्फरनगर और चित्रकूट में हुए हादसों में नौ लोगों की मौत हुई।
Knews Desk – उत्तर प्रदेश में सोमवार को अलग-अलग जगहों पर हुए तीन सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। लखनऊ में यात्रियों से भरी बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, जिसमें करीब 35 लोग घायल हुए हैं। वहीं मुजफ्फरनगर में डिवाइडर से टकराने के बाद कार में आग लग गई, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई। चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं।
लखनऊ में खाई में पलटी यात्रियों से भरी बस
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरी बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। बस में बच्चों समेत कई यात्री सवार थे। हादसे में करीब 35 लोगों के घायल होने की सूचना है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसे के बाद बस को खाई से बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन संभाला। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। यह बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के सिवान जा रही थी। हादसे में हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि उस समय नहीं हुई थी।
मुजफ्फरनगर में कार पलटने के बाद लगी आग
मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसके बाद कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि कार सवार हरियाणा से हरिद्वार जा रहे थे।
मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चित्रकूट में दीपदान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गई। हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र में रामनगर के पास हुआ। दुर्घटना में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हुए हैं।
घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई गई है। बताया गया कि ट्रैक्टर से ट्रॉली का हुक निकलने के कारण हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया, जबकि सात घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है।