तेलंगाना में तीन मासूमों की मौत से मातम, पति से विवाद के बाद मां ने उठाया खौफनाक कदम

रंगारेड्डी के निथिरेकुला गांव की घटना, पानी की टंकी में डूबने से बच्चों की मौत दो साल की बेटी और आठ महीने के जुड़वा बच्चों ने गंवाई जान बच्चों के बाद महिला ने भी टंकी में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की, लोगों ने बचाया

Knews Desk – तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद तीन मासूम बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति से झगड़े के बाद महिला ने अपने तीन बच्चों को पानी की टंकी में फेंक दिया। डूबने से तीनों बच्चों की मौत हो गई। इसके बाद महिला ने भी पानी की टंकी में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया।

यह घटना रंगारेड्डी जिले के केशमपेटा मंडल के निथिरेकुला गांव में हुई। मृतक बच्चों की पहचान प्रियंका, प्रिंस और प्रीति के रूप में हुई है। प्रियंका की उम्र दो साल थी, जबकि जुड़वा बच्चे प्रिंस और प्रीति सिर्फ आठ महीने के थे।

बच्चों को एक-एक कर पानी की टंकी में फेंका

जानकारी के अनुसार, श्रीवर्षा ने अपने तीनों बच्चों को एक-एक करके पानी की टंकी में फेंक दिया। इसके बाद उसने खुद भी टंकी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। लोगों ने महिला को टंकी में कूदते हुए देख लिया और उसे पानी से बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों ने तीनों बच्चों को भी पानी की टंकी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। तीनों बच्चों की मौत के बाद उनके पिता कंडेना चेन्नय्या का रो-रोकर बुरा हाल है।

पति परिवार चलाने के लिए करते हैं काम

मृतक बच्चों के पिता कंडेना चेन्नय्या परिवार का भरण-पोषण करने के लिए इलेक्ट्रीशियन और कार चालक का काम करते हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उनकी पत्नी श्रीवर्षा के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस वजह से हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में महिला ने इतना बड़ा कदम उठाया।

पुलिस महिला की मानसिक स्थिति समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। तीन बच्चों की मौत के बाद निथिरेकुला गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *