Knews Desk – बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। चौथम थाना क्षेत्र के करुआमोड़ में हुए चर्चित ट्रिपल हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मिथिलेश कुमार को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सदर अस्पताल खगड़िया में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि मिथिलेश कुमार दियारा क्षेत्र में ट्रिपल हत्याकांड के मुख्य गवाह की रेकी कर रहा है और उसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से वहां पहुंचा था। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह के निर्देश पर सदर एसडीपीओ रमेश कुमार के नेतृत्व में चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार, पुलिस बल, DIU और STF की संयुक्त टीम ने दियारा इलाके में छापेमारी की।
पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, टीम की भनक लगते ही आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मिथिलेश कुमार के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ के बाद घायल मिथिलेश कुमार को तत्काल सदर अस्पताल खगड़िया ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी शैलेन्द्र सिंह ने मीडिया को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया।
पुलिस के मुताबिक, मिथिलेश कुमार पर खगड़िया के चर्चित ट्रिपल मर्डर के अलावा दिल्ली और नेपाल में भी कई हत्याएं करने का आरोप है। पुलिस महकमे ने उसकी गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि माना है।