कंपनी ने तय किए 10 से 5 के घंटे, कर्मचारियों ने 5 बजते ही काम करना कर दिया बंद

KNEWS DESK- एक कंपनी ने कर्मचारियों की प्रोडक्टिविटी और आपसी तालमेल बढ़ाने के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ऑफिस में मौजूद रहना अनिवार्य कर दिया। हालांकि, इस सख्त नियम का असर कंपनी की उम्मीदों के उलट हुआ। जो कर्मचारी पहले रात 9 बजे तक काम करते थे, वे अब शाम 5 बजते ही ऑफिस से निकलने लगे।

अक्सर कंपनियां बेहतर कामकाज और टीम कोऑर्डिनेशन के लिए नए नियम लागू करती हैं। लेकिन कई बार जरूरत से ज्यादा सख्ती कर्मचारियों की कार्यशैली और मोटिवेशन पर उल्टा असर डाल सकती है। ऐसा ही एक मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वायरल हो रहा है।

10 से 5 बजे तक ऑफिस में रहना हुआ अनिवार्य

अर्जुन (@think_in_points) नाम के एक यूजर ने अपनी पिछली कंपनी का अनुभव साझा करते हुए बताया कि HR ने कर्मचारियों के देर से ऑफिस आने को लेकर नया नियम लागू किया था। कंपनी का कहना था कि कई कर्मचारी सुबह 11 या 12 बजे के आसपास ऑफिस पहुंच रहे थे।

इसके बाद सभी कर्मचारियों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ऑफिस में मौजूद रहना जरूरी कर दिया गया। कंपनी ने इसे ‘कोर कोलैबोरेशन आवर्स’ का नाम दिया। नियम को लेकर इतनी सख्ती थी कि सुबह 10 बजकर 1 मिनट पर पहुंचने वाले कर्मचारी को भी चेतावनी दी जाती थी।

फ्लेक्सिबिलिटी खत्म होते ही बदली कर्मचारियों की सोच

अर्जुन के मुताबिक, नियम लागू होने से पहले कर्मचारियों के पास काम के समय को लेकर काफी फ्लेक्सिबिलिटी थी। कई लोग सुबह जल्दी घर से काम शुरू करते थे और ट्रैफिक से बचने के लिए 11 या 12 बजे ऑफिस पहुंचते थे। इसके बाद काम पूरा करने के लिए कई कर्मचारी शाम 7, 8 या रात 9 बजे तक भी रुकते थे।

लेकिन 10 से 5 की अनिवार्य हाजिरी लागू होने के बाद स्थिति बदल गई। अब कर्मचारी शाम 5 बजते ही ऑफिस से निकलने लगे। उनका तर्क था कि जब कंपनी ने काम के घंटे तय कर दिए हैं, तो वे भी उन्हीं घंटों तक काम करेंगे।

सोशल मीडिया पर लोगों ने शेयर किए अनुभव

अर्जुन की पोस्ट पर कई यूजर्स ने अपने ऑफिस के नियमों से जुड़े अनुभव साझा किए। कुछ लोगों ने कंपनी की नीति पर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने शाम 5 बजे ऑफिस से निकलने को ‘ड्रीम लाइफ’ बताया। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि कर्मचारियों की प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए सख्त नियम बेहतर हैं या काम में उचित फ्लेक्सिबिलिटी देना ज्यादा प्रभावी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *