गणपति विसर्जन में झूम रही थी महिला, अचानक जनरेटर में फंसे बाल… सिर की खाल भी उखड़ी

उन्नाव में गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। डीजे के लिए इस्तेमाल किए जा रहे जनरेटर की धुरी में एक महिला के लंबे बाल फंस गए। जनरेटर के तेज खिंचाव के कारण उसके सिर के बाल खाल समेत उखड़ गए। गंभीर हालत में महिला को पहले कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।

Knews Desk: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चल रहे जनरेटर की धुरी में एक महिला के बाल फंस गए। बताया जा रहा है कि महिला यात्रा में शामिल होकर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान वह जनरेटर के खुले हिस्से के बेहद करीब पहुंच गई और उसके लंबे बाल घूमती हुई धुरी में उलझ गए।

हादसा गंगाघाट थाना क्षेत्र के प्रेम नगर से निकली गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान हुआ। प्रेम नगर निवासी कल्लो सोनकर के घर के बाहर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। रविवार दोपहर ढोल-नगाड़ों और गुलाल के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई थी। इसमें गांधी नगर निवासी कल्लो सोनकर की भतीजी बच्चा सोनकर, पत्नी मोना सोनकर भी शामिल हुई थीं।

यात्रा जब नवीन गंगा पुल पर पहुंची, तभी पीछे चल रहे जनरेटर की खुली धुरी में बच्चा सोनकर के लंबे बाल फंस गए। जनरेटर बंद होने से पहले ही धुरी ने बालों को तेजी से खींच लिया। खिंचाव इतना तेज था कि महिला के सिर की खाल भी बालों के साथ उखड़ गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।

महिला के चीखने के बाद यात्रा में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत जनरेटर बंद किया और खून से लथपथ महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। परिजन उसे पहले कानपुर के हैलट अस्पताल ले गए। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) रेफर कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, लखनऊ में महिला का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। घटना की जानकारी देते हुए सीओ सिटी आशुतोष कुमार / विनी सिंह ने बताया कि विसर्जन यात्रा के दौरान जनरेटर में बाल फंसने से महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *