कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुए विमान हादसे में तमिलनाडु और पुडुचेरी के रहने वाले दो भारतीय छात्रों की जान चली गई। मृतकों की पहचान मनोज शिवकुमार और श्रीसरण थिरुग्नानासंबंधम के रूप में हुई है। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर शोक जताते हुए परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही है।
Knews Desk कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुए एक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। मृतकों में तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण थिरुग्नानासंबंधम शामिल हैं। वैंकूवर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दोनों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुई एक दुखद हवाई दुर्घटना में दोनों छात्रों की जान गई। दूतावास ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों और करीबियों के साथ हैं।
दूतावास ने यह भी कहा कि दोनों छात्रों के पार्थिव शरीर भारत वापस लाने के लिए परिवारों को हर संभव कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। भारतीय अधिकारी स्थानीय प्रशासन और पीड़ित परिवारों के लगातार संपर्क में हैं।
फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। कनाडाई प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कनाडाई मीडिया सीबीसी के मुताबिक, शनिवार को सस्केचेवान के किस्बे के पास हार्व्स एयर द्वारा संचालित सेसना 172 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। विमान में दो लोग सवार थे और दोनों की मौत हो गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि सीबीसी द्वारा बताई गई दुर्घटना और भारतीय छात्रों से जुड़ा हादसा एक ही घटना है या नहीं।
रिपोर्ट के अनुसार, विमान रेजीना से सस्केचेवान के कार्लाइल होते हुए मैनिटोबा के स्टाइनबैक जा रहा था। विमान में सवार दोनों लाइसेंस प्राप्त पायलट अपने कमर्शियल पायलट लाइसेंस के लिए जरूरी उड़ान घंटे पूरे करने के उद्देश्य से क्रॉस-कंट्री फ्लाइट पर थे।
बताया गया कि विमान सुबह करीब 10:30 बजे तक अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचा। इसके बाद कनाडा के परिवहन सुरक्षा बोर्ड को इसकी सूचना दी गई और विमान की तलाश शुरू की गई। शाम करीब 6 बजे खोज एवं बचाव दल को विमान का मलबा मिला। मौके पर दोनों लोगों को मृत पाया गया।
ट्रेंटन स्थित संयुक्त बचाव समन्वय केंद्र की जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट जो हॉलैंडर के अनुसार, 435 स्क्वाड्रन के सीसी-138 हरक्यूलिस विमान ने दुर्घटनास्थल का पता लगाया। इसके बाद खोज एवं बचाव तकनीशियनों को पैराशूट के जरिए घटनास्थल पर उतारा गया। अभियान पूरा होने के बाद मामला रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस को सौंप दिया गया।
सीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 के बाद से हार्व्स एयर से जुड़ी यह तीसरी विमान दुर्घटना है। इससे पहले जनवरी 2025 में एक प्रशिक्षक छोटे विमान के प्रोपेलर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुआ था। जुलाई 2025 में प्रशिक्षण के दौरान एक इंजन वाले विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो छात्र पायलटों की मौत हुई थी।