Janmashtami Traffic Advisory: 3 से 5 सितंबर तक वृंदावन में बाहरी गाड़ियों की नो एंट्री, घर से निकलने से पहले देखें रूट

KNEWS DESK – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का बड़ा प्लान तैयार किया है। श्रद्धालुओं को मंदिरों तक सुरक्षित और सुगम तरीके से पहुंचाने के लिए शहर को 7 जोन और 35 सेक्टर में बांटा गया है। इन इलाकों में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

3 सितंबर से लागू होंगे ट्रैफिक प्रतिबंध

प्रशासन के मुताबिक, 3 सितंबर सुबह 8 बजे से 5 सितंबर सुबह 9 बजे तक मथुरा शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इसके अलावा CCTV कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। प्रमुख चौराहों और तिराहों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सूचना पट्टिकाएं भी लगाई जा रही हैं।

भूतेश्वर, मसानी, डींग गेट, चौक बाजार, भरतपुर गेट, गोवर्धन चौराहा, मण्डी चौराहा, कृष्णापुरी और होलीगेट समेत कई स्थानों से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।

भारी वाहनों के साथ छोटे वाहनों पर भी रोक

प्रशासन ने कई मार्गों पर भारी और कॉमर्शियल वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है। आवश्यकता पड़ने पर चार पहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों को भी रोका जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे, वृंदावन, NH-19, गोकुल और गोवर्धन की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

कहां-कहां होगी पार्किंग?

श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए PMB पॉलीटेक्निक, ISBT, रामलीला मैदान, मंडी परिसर, GIC इंटर कॉलेज, रेलवे ग्राउंड धौली प्याऊ और रेलवे मालगोदाम समेत कई जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यमुना एक्सप्रेसवे और वृंदावन की ओर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि आने वाले वाहनों के लिए PMB पॉलीटेक्निक स्कूल, अनुज चौधरी के खाली प्लॉट और आरके ज्वैलर्स के खाली प्लॉट में पार्किंग निर्धारित की गई है।

वहीं NH-19 और गोकुल रेस्टोरेंट की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए RSS संस्था के सामने, ISBT बस अड्डा और रामलीला ग्राउंड के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

सुरक्षा के लिए PAC और RAF की तैनाती

SSP श्लोक कुमार के मुताबिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। व्यवस्था में 8 कंपनी PAC, 1 कंपनी RAF और फ्लड प्लाटून की तैनाती की गई है। CCTV और होल्डिंग एरिया के जरिए भीड़ पर नजर रखी जाएगी।

मथुरा में किन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध?

प्रशासन ने कई मार्गों पर अलग-अलग तरह के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है। प्रमुख प्रतिबंध इस प्रकार हैं:

  • गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर भारी और कॉमर्शियल वाहनों, रोडवेज बसों और ट्रैक्टरों पर रोक रहेगी।
  • भूतेश्वर तिराहा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर चार पहिया वाहन, टेंपो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
  • मसानी चौराहा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर भारी वाहनों के साथ चार पहिया वाहन, टेंपो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों पर भी रोक रहेगी।
  • मसानी चौराहा से चौक बाजार और लाल दरवाजा की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
  • गोकरन तिराहा से चौक बाजार और चौक बाजार से द्वारिकाधीश मंदिर की ओर सभी वाहनों पर रोक रहेगी।
  • डींग गेट चौराहा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • भरतपुर गेट से डींग गेट की ओर चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
  • चौक बाजार से मिलन तिराहा की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
  • नए बस स्टैंड से भूतेश्वर तिराहा की ओर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • कृष्णा नगर बिजलीघर तिराहा/फायर सर्विस कट से भूतेश्वर की ओर चार पहिया वाहन, टेंपो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।

हालांकि, फायर सर्विस, एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों के लिए आवागमन खुला रहेगा।

वृंदावन में भी कई रास्तों पर रोक

जन्माष्टमी के दौरान वृंदावन में भी भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। छटीकरा, रुक्मिणी विहार, पानीगांव, वृंदावन कट और सौ-सैया समेत कई मार्गों पर वाहनों के लिए अलग-अलग प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग से आगे किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं पानी घाट तिराहे से परिक्रमा मार्ग की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

वृंदावन में कहां पार्क होंगे वाहन?

वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

मथुरा से वृंदावन आने वालों के लिए:

  • ITI पार्किंग

सौ-सैया से वृंदावन कट:

  • दारुख पार्किंग
  • मंडी पार्किंग
  • पवनहंस हेलीपैड पार्किंग
  • MVDА पार्किंग
  • पशुपैठ पार्किंग
  • पैराग्लाइडिंग पार्किंग
  • शिवा ढाबा पार्किंग

वृंदावन-रमताल रोड:

  • सुनरख मोड़, प्रेम मंदिर तिराहा के पीछे
  • गणेश सिटी पार्किंग
  • आरके पार्किंग
  • बृजधाम पार्किंग

वृंदावन-छटीकरा रोड:

  • वैष्णो देवी पार्किंग
  • रॉयल भारती मोड़ पार्किंग
  • डीके पार्किंग
  • बांके बिहारी जी पार्किंग
  • मल्टीलेवल पार्किंग
  • अन्नपूर्णा पार्किंग

इसके अलावा प्रेम मंदिर के सामने सिंह पार्किंग और शर्मा पार्किंग में मोटरसाइकिलों के लिए भी व्यवस्था की गई है।

जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक प्रतिबंधों का पालन करें, ताकि दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *