KNEWS DESK – शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO शिखर सम्मेलन की एक ग्रुप फोटो को लेकर पाकिस्तान की सोशल मीडिया पर जमकर किरकिरी हो रही है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से शेयर की गई तस्वीर में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को क्रॉप कर दिया गया था। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे लेकर पाकिस्तान को खूब घेरा।
विवाद बढ़ने के बाद अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से उसी कार्यक्रम की बिना कट और एडिट की गई पूरी ग्रुप फोटो शेयर की गई है। इस तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी समेत सभी नेता मंच पर नजर आ रहे हैं।
पहले फोटो से गायब थे PM मोदी
दरअसल, SCO नेताओं की ग्रुप फोटो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट की गई थी। तस्वीर में कई सदस्य देशों के नेता नजर आ रहे थे, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर को क्रॉप कर दिया गया था।

सोशल मीडिया पर तस्वीर सामने आते ही यूजर्स ने पाकिस्तान की आलोचना शुरू कर दी। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर आधिकारिक ग्रुप फोटो को एडिट करके भारत के प्रधानमंत्री को उसमें से हटाने की जरूरत क्यों पड़ी।
दिलचस्प बात यह भी रही कि कथित तौर पर क्रॉप की गई तस्वीर में ईरान के राष्ट्रपति की तस्वीर भी नहीं थी, जबकि ईरान को पाकिस्तान अपना करीबी देश बताता रहा है।
विवाद बढ़ा तो शेयर की पूरी तस्वीर
सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद शहबाज शरीफ के एक्स अकाउंट से पूरी ग्रुप फोटो शेयर की गई। इस तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी समेत SCO के अन्य नेता भी दिखाई दे रहे हैं।

वहीं, भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीर शेयर की गई थी, जिसमें शहबाज शरीफ समेत अन्य नेता साफ नजर आ रहे थे।
इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की खूब आलोचना हुई और फोटो एडिट करने के फैसले पर सवाल खड़े किए गए।
SCO में PM मोदी ने आतंकवाद पर साधा निशाना
SCO शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के दौरान आतंकवाद का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सभी देशों से एकजुट होने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा कि यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कुछ देशों की ओर से आतंकवाद को खुले समर्थन को स्वीकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत पिछले चार दशकों से आतंकवाद का दंश झेल रहा है और कई परिवारों ने अपनों को खोया है।
उन्होंने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले का भी जिक्र किया और आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाने की बात कही।
पीएम मोदी ने SCO शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन से जुड़ी तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि अगले 25 वर्षों के लिए SCO के एजेंडे पर विचार किया जाए।
उन्होंने भारत का रुख स्पष्ट करते हुए सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर को SCO के लिए तीन प्रमुख स्तंभ बताया। साथ ही साझा भौगोलिक स्थिति को साझा अवसरों में बदलने पर जोर दिया।