शरद पवार से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे, बोले- राजनीति से अलग भी हैं हमारे पारिवारिक रिश्ते

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ब्रिज कैंडी अस्पताल पहुंचकर NCP (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। शिंदे ने साफ किया कि यह मुलाकात किसी राजनीतिक मकसद से नहीं थी, बल्कि उनके और शरद पवार के बीच राजनीति से परे पारिवारिक संबंध हैं।

Knews Desk- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ब्रिज कैंडी अस्पताल में भर्ती एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शरद पवार के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। शिंदे ने बताया कि अब शरद पवार की तबीयत ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है। बातचीत के दौरान शरद पवार ने किसानों के मुद्दे पर भी चर्चा की।

शिंदे बोले- यह राजनीतिक मुलाकात नहीं

एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह शरद पवार की तबीयत देखने अस्पताल पहुंचे थे और दोनों के बीच स्वास्थ्य को लेकर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं थी। महाराष्ट्र के एक वरिष्ठ नेता से अस्पताल में मुलाकात के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। शिंदे ने कहा कि राजनीति से परे भी कुछ रिश्ते होते हैं और पवार साहब के साथ उनका रिश्ता राजनीति तक सीमित नहीं है।

उन्होंने यह भी बताया कि शरद पवार जब भी किसी सवाल को लेकर उनसे बात करना चाहते हैं तो उन्हें फोन करते हैं। शिंदे ने दोनों के बीच पारिवारिक संबंध होने की बात कही।

कल अस्पताल से डिस्चार्ज हो सकते हैं शरद पवार

एकनाथ शिंदे के मुताबिक शरद पवार को कल अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से डिस्चार्ज होने के बाद बुधवार को साउथ मुंबई के ब्रिज कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

एकनाथ शिंदे से पहले NCP (अजित गुट) के सांसद प्रफुल्ल पटेल ने भी शरद पवार से मुलाकात की थी। हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच दोनों नेताओं की मुलाकात को अहम माना जा रहा है। प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद शरद पवार के साथ उनके अच्छे और पारिवारिक रिश्ते रहे हैं और उनके बीच कभी कोई कड़वाहट नहीं रही।

मुलाकात के दौरान शरद पवार ने कहा कि उन्हें अगले दिन सुबह 10 बजे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। उन्होंने दिवाली के बाद प्रफुल्ल पटेल के साथ बैठकर बातचीत करने की बात कही। इसके जवाब में प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि वह 10 नवंबर से मुंबई में रहेंगे और शरद पवार जब भी कहेंगे, दोनों साथ बैठकर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *