‘जिस राम ने सिंहासन त्याग दिया…’ शैलेश लोढ़ा के बयान ने मचाई हलचल

‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम अभिनेता और कवि शैलेश लोढ़ा का एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। एक कार्यक्रम के दौरान मंच से उन्होंने कथावाचकों पर तंज कसते हुए मोह-माया और सांसारिक सुखों का त्याग करने की सीख देने वालों के तौर-तरीकों पर सवाल उठाए। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

Knews Desk – शैलेश लोढ़ा ने मंच से कहा, “मोह माया त्याग दो… ये हम लाखों के पंडाल लगाकर बताते हैं। और जिस राम ने सिंहासन त्याग दिया, उसकी कथा सिंहासन पर बैठकर सुनाते हैं। ये पाखंड है न।” उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

हाल ही में बागेश्वर बाबा के नाम से मशहूर धीरेंद्र शास्त्री ने भी ‘हमारे राम, तुम्हारे कृष्ण’ को लेकर बयान दिया था। ऐसे में शैलेश लोढ़ा की टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई। हालांकि, शैलेश लोढ़ा ने अपने बयान में किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया।

शैलेश लोढ़ा के वीडियो के कमेंट सेक्शन में कुछ लोग उनके समर्थन में नजर आए। इन यूजर्स का कहना था कि शैलेश ने जो बात कही है, वह सही है। वहीं, कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल भी किया और उनके बयान को कवि कुमार विश्वास से जोड़ दिया। कुछ लोगों ने दावा किया कि शैलेश का इशारा कुमार विश्वास की ओर था।

एक यूजर ने शैलेश लोढ़ा को जवाब देते हुए लिखा कि त्याग की इतनी ही चाह है तो माइक, मंच और तालियां छोड़कर कहीं अकेले कविता सुनाएं। वहीं, एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि राम कथा कहां बैठकर सुननी चाहिए। एक और कमेंट में शैलेश पर ही सवाल उठाते हुए कहा गया कि अगर मंच पर खड़े होकर कविता सुनाने में कोई दिक्कत नहीं है तो दूसरों के मंच पर कथा सुनाने को पाखंड क्यों कहा जा रहा है।

कुल मिलाकर, शैलेश लोढ़ा की टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। जहां कुछ लोग उनके बयान को सही ठहरा रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे दूसरों पर निशाना साधने और खुद पर लागू न करने वाला बयान बता रहे हैं।

बता दें कि शैलेश लोढ़ा टीवी के लोकप्रिय शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में तारक मेहता का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए थे। उन्होंने साल 2022 में शो छोड़ दिया था। शो में जेठालाल के दोस्त और उनके ‘फायर ब्रिगेड’ के रूप में उनकी पहचान आज भी दर्शकों के बीच कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *