Knews Desk– तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीवीके प्रमुख विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (TVK) को विदुतलाई चिरुथाइगल काची (VCK) ने बिना शर्त समर्थन दे दिया है। इस समर्थन के बाद विजय के लिए सरकार बनाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
118 विधायकों का मिला समर्थन
सूत्रों के अनुसार, VCK के दो विधायकों के जुड़ने के बाद TVK को कुल 118 विधायकों का समर्थन मिल गया है, जो बहुमत के लिए आवश्यक संख्या है। इससे पहले TVK के पास 116 विधायकों का समर्थन था, जिसमें कांग्रेस और वामपंथी दलों के विधायक शामिल थे। अब बहुमत पूरा होने के बाद विजय राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
राज्यपाल को सौंपा जाएगा दावा पत्र
अब विजय सभी 118 विधायकों के समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपेंगे। इसके बाद राज्यपाल उन्हें सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित करेंगे। यह घटनाक्रम तमिलनाडु की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है।
VCK ने दिया बिना शर्त समर्थन
VCK की ओर से विधानमंडल दल के नेता वन्नी अरसु ने राज्यपाल को पत्र लिखकर TVK को समर्थन देने की पुष्टि की। पत्र में कहा गया कि यह समर्थन तमिलनाडु में स्थिर और लोकतांत्रिक शासन सुनिश्चित करने के लिए दिया जा रहा है और इसे रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए।
कांग्रेस और वामपंथियों का रुख अलग
सूत्रों के मुताबिक, वामपंथी दलों ने TVK को बिना शर्त समर्थन दिया है, लेकिन मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। वहीं कांग्रेस ने समर्थन तो दिया है, लेकिन दो मंत्रिपदों की शर्त रखी है।
राजनीतिक समीकरण में बड़ा बदलाव
जानकारी के अनुसार, एआईएडीएमके के तीन विधायकों के बगावत करने की भी खबरें हैं और उनके TVK में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इससे आने वाले समय में राजनीतिक समीकरण और बदल सकते हैं।
विजय के लिए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ

118 विधायकों के समर्थन के साथ विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग तय माना जा रहा है। अब सभी की नजर राज्यपाल की अगली कार्रवाई और आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।