‘महाभारत’ में द्रौपदी बनीं रूपा गांगुली ने कितनी लंबी सिल्क साड़ी पहनी थी? जानें इसकी खासियत और कीमत

KNEWS DESK – 90 के दशक में भारतीय टेलीविजन ने दो ऐसे ऐतिहासिक सीरियल दिए, जिन्होंने दर्शकों के देखने का तरीका ही बदल दिया—Ramayan और Mahabharat। इन दोनों शोज़ का प्रभाव इतना गहरा था कि उस दौर में जब ये टीवी पर आते थे, तो सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था और लोग पूरे परिवार के साथ स्क्रीन के सामने बैठ जाते थे।

Mahabharat में दिखाया गया द्रौपदी चीरहरण का प्रसंग आज भी भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे चर्चित दृश्यों में से एक माना जाता है। इस सीरियल में द्रौपदी का किरदार निभाया था अभिनेत्री Roopa Ganguly ने, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय से इस भूमिका को बेहद प्रभावशाली बना दिया और घर-घर में पहचान हासिल की।

इस सीरियल के डायरेक्टर रवि चोपड़ा के अनुसार, इस दृश्य को वास्तविक और भव्य दिखाने के लिए विशेष तैयारी की गई थी। द्रौपदी के चीरहरण वाले सीन में 250 मीटर लंबी सिल्क की साड़ी का इस्तेमाल किया गया था, जिसे खासतौर पर तैयार करवाया गया था ताकि दृश्य का प्रभाव अधिक नाटकीय और यथार्थवादी लगे।

यह साड़ी चेन्नई की मशहूर टेक्सटाइल कंपनी बिन्नी एंड कंपनी से मंगवाई गई थी, जो उस समय अपने क्रेप सिल्क कपड़ों के लिए जानी जाती थी। कंपनी की साड़ियां 70 और 80 के दशक में शादियों और खास मौकों पर बेहद लोकप्रिय थीं।

बताया जाता है कि उस समय एक सामान्य क्रेप सिल्क साड़ी की कीमत लगभग 450 से 750 रुपये के बीच होती थी। ऐसे में इस विशेष 250 मीटर लंबी साड़ी की लागत लगभग 34 हजार रुपये तक पहुंच गई थी, जो उस दौर में काफी बड़ी रकम मानी जाती थी।