डॉक्टर बनने का सपना रह गया अधूरा…. शादी के दवाब में नीट की छात्रा की खौफनाक हत्या, एक्सीडेंट का ड्रामा करने वाला प्रेमी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क- ओडिशा के गंजाम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सिरफिरे प्रेमी ने शादी का दबाव बनाने पर अपनी ही प्रेमिका को फ्लाईओवर से नीचे फेंककर मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने इसे एक साधारण सड़क हादसा साबित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और वैज्ञानिक जांच के आगे उसकी यह खौफनाक साजिश टिक नहीं सकी। पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान गंजाम जिले के रोही गांव की रहने वाली अंबिका के रूप में हुई है। अंबिका ने हाल ही में अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी और उसका सपना डॉक्टर बनने का था। अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए वह बरहमपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसका रोही गांव के ही राकेश आचार्य नाम के युवक से प्रेम संबंध हो गया। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे।

शादी के इनकार से उपजी हत्या की साजिश

अंबिका अपने रिश्ते को लेकर बेहद गंभीर थी और पिछले कुछ समय से वह राकेश पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी। वहीं दूसरी ओर, राकेश इस शादी के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं था और लगातार बहाने बना रहा था। जब अंबिका का दबाव बढ़ने लगा, तो राकेश ने उसे अपनी जिंदगी से हमेशा के लिए हटाने का एक खौफनाक प्लान तैयार किया। वह अपनी इस साजिश को इस तरह अंजाम देना चाहता था कि किसी को उस पर शक भी न हो।

घूमने के बहाने ले गया और पुल से नीचे धकेल दिया

साजिश के तहत बीते 7 जून को राकेश ने अंबिका को घुमाने का प्लान बनाया। वह अंबिका को अपनी बाइक पर बैठाकर गोपालपुर ले गया। दोनों ने पूरा दिन एक साथ बिताया, ताकि अंबिका को उसकी नीयत पर रत्ती भर भी शक न हो। रात के वक्त जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी अंकुली फ्लाईओवर के पास सुनसान जगह देखकर राकेश ने अपनी बाइक रोक दी। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने अंबिका को फ्लाईओवर से नीचे की तरफ जोर से धक्का दे दिया। इतनी ऊंचाई से कंक्रीट की सड़क पर गिरने के कारण अंबिका को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ऐसे बेनकाब हुआ हत्यारा प्रेमी

अंबिका की मौत पक्की करने के बाद राकेश ने अपने ड्रामे की शुरुआत की। उसने खुद अंबिका के परिवार वालों को फोन कर रोते हुए बताया कि रास्ते में उनकी बाइक का एक्सीडेंट हो गया है और अंबिका की सड़क हादसे में मौत हो गई है। हालांकि, घटना की जानकारी मिलते ही अंबिका के बहनोई कान्हू जेना को राकेश के बयानों और मौके की परिस्थितियों पर गहरा शक हुआ। उन्होंने बिना देर किए बैद्यनाथपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जब घटनास्थल की जांच की और तकनीकी सबूत जुटाए, तो पूरी कहानी पलट गई। हादसे की थ्योरी और मृतका के शरीर पर आई चोटें आपस में मेल नहीं खा रही थीं। इसके बाद पुलिस ने राकेश को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की। पुलिस के तीखे सवालों के आगे राकेश ज्यादा देर तक झूठ नहीं टिक पाया और टूट गया। उसने कबूल किया कि शादी से बचने के लिए उसने ही अंबिका को फ्लाईओवर से नीचे फेंका था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *