KNEWS DESK- सर्दियों के मौसम में ठंडी और शुष्क हवाओं का असर त्वचा पर साफ दिखाई देने लगता है। हाथों की स्किन रूखी होने के साथ खिंची-खिंची महसूस हो सकती है। कई बार हाथ सफेद नजर आने लगते हैं और खुजली की समस्या भी परेशान कर सकती है। अगर आप भी सर्दियों में हाथों की ड्राइनेस से परेशान हैं तो घर में मौजूद कुछ चीजों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
रूखे हाथों की देखभाल के लिए नारियल का तेल, ओटमील, दूध और एलोवेरा जेल जैसे घरेलू विकल्प इस्तेमाल किए जाते हैं। इन्हें त्वचा पर लगाने या इस्तेमाल करने का तरीका भी काफी आसान है।
नारियल का तेल
सर्दियों में रूखे हाथों पर नारियल का तेल लगाया जा सकता है। ऑर्गेनिक नारियल तेल में मौजूद फैटी एसिड्स, जैसे लौरिक एसिड, त्वचा को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। हाथों पर नारियल तेल से हल्की मसाज करने से त्वचा को नमी मिल सकती है और रूखापन कम महसूस हो सकता है।
ओटमील से करें त्वचा की देखभाल
ओटमील का इस्तेमाल केवल नाश्ते के लिए ही नहीं किया जाता, बल्कि इसे त्वचा की ड्राइनेस दूर करने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ओटमील को किसी मलमल के कपड़े या सूती जुराब में भरकर नहाने के पानी में रखा जा सकता है। जब ओटमील पानी में अच्छी तरह गल जाए और पानी का रंग बदलने लगे, तब इस पानी से नहाया जा सकता है। ओटमील में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-ऑक्सीडेंट गुण त्वचा की ड्राइनेस कम करने में मदद कर सकते हैं। यह त्वचा को नमी देने और मॉइस्चर को बनाए रखने में भी सहायक माना जाता है।
दूध से बनाएं होममेड हैंड मास्क
रूखी और परतदार त्वचा के लिए दूध का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। दूध में मौजूद हेल्दी फैट्स त्वचा को मॉइस्चराइज करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए रूई को दूध में भिगोकर हाथों पर अच्छी तरह लगाया जा सकता है। इसे करीब 20 मिनट तक हाथों पर लगा रहने दें और इसके बाद हाथ धो लें। दूध से हैंड मास्क बनाने के लिए इसमें शहद भी मिलाया जा सकता है। दूध और शहद को मिलाकर हाथों पर लगाएं और करीब 15 से 20 मिनट बाद इसे धोकर हटा दें।
एलोवेरा जेल से करें मसाज
रूखे हाथों और पैरों की देखभाल के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। एलोवेरा जेल त्वचा को नमी देने, मॉइस्चर बनाए रखने और इरिटेशन कम करने में मदद कर सकता है। इसे हाथों पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज की जा सकती है। सर्दियों में हाथों की त्वचा को रूखेपन से बचाने के लिए नियमित देखभाल जरूरी है। घरेलू नुस्खों के साथ त्वचा की जरूरत के अनुसार मॉइस्चराइजिंग का भी ध्यान रखना चाहिए।