सोना कम खरीदने की अपील का PM मोदी ने किया जिक्र, बोले- लोगों ने बात मानी और दाम गिर गए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं के कौशल और रोजगार पर जोर दिया। पीएम ने कहा कि ITI में पढ़ने वाले बच्चों का उतना ही सम्मान होगा, जितना IIT में पढ़ने वाले बच्चों का होता है। इस दौरान उन्होंने सोना कम खरीदने की अपनी अपील का भी जिक्र किया और लोगों से एक और साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की।

Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते उनके लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात है कि उन्हें देशभर से आए युवा साथियों का स्वागत करने का अवसर मिल रहा है। पीएम ने कहा कि वह सुबह दिल्ली से निकलकर बंगाल गए थे, जहां उनका दिन का पहला कार्यक्रम इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी IIT में था। उन्होंने कहा कि जिस ऊर्जा, सपनों, उम्मीदों और आकांक्षाओं के साथ वह IIT के छात्रों के बीच गए थे, उसी उत्साह और उमंग के साथ वह ITI के छात्रों के बीच आए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि चाहे IIT हो या ITI, उनके लिए ये देश की असली संपत्ति, क्षमता और भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि ITI में छात्रों ने जो सीखा है, वह विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है और विकसित भारत युवाओं के कौशल से बनने वाला है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से कौशल को सम्मान देने वाला देश रहा है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सोने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक साल पहले उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया था कि अगर बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह लाल बहादुर शास्त्री के एक समय का भोजन छोड़ने के आग्रह को देशवासियों ने माना था, उसी तरह लोगों ने उनकी अपील भी मानी। उन्होंने कहा कि लोगों ने सोना कम खरीदा और सोने की कीमतें गिर गईं। पीएम ने बताया कि लोग उनसे कहते हैं कि मोदी जी, आपने कहा और हमने आपकी सलाह मानी, जिससे हमारे पैसे बच गए। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अगले एक और साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की।

लखनऊ की चिकनकारी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत की पुरानी सामाजिक व्यवस्था कौशल के इर्द-गिर्द बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि भारत की कौशल व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए आक्रांताओं ने सबसे पहले कौशल पर चोट की। पीएम ने कहा कि बाद में अंग्रेजों ने भी भारत के कौशल को तबाह कर अपने यहां इंडस्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग को आगे बढ़ाया।

पीएम मोदी ने कहा कि ITI में पढ़ने वाले बच्चों का उतना ही सम्मान होगा, जितना IIT में पढ़ने वाले बच्चों का होता है। उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री ITI के बच्चों को सर्टिफिकेट देने के लिए आता है। पीएम ने कहा कि ITI के बच्चों के डिजाइनर कपड़े और उनके हुनर का अपना अलग ठाठ और रुआब है।

AI और रोजगार छिनने की आशंकाओं पर पीएम मोदी ने कहा कि नई शिक्षा नीति में भी कौशल विकास पर बहुत जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिसके पास स्किल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। पीएम ने कहा कि जब कोई हुनर सीखता है तो वह देश का काम आसान बनाता है। उन्होंने भारत में बने मोबाइल फोन के दुनिया में पहुंचने का भी जिक्र किया।

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने 5000 नए ITI बनाए। उन्होंने कहा कि ITI आने वाले भविष्य के लिए एक गौरवपूर्ण गाथा लिखने वाला है। पीएम ने कहा कि सऊदी में हर रॉयल फैमिली भारत के कौशल का गुणगान करती है और आज पूरी दुनिया भारत के लोगों की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्किल्ड लोगों की कद्र कागजी सर्टिफिकेट लेकर कोट-पैंट पहनकर घूमने वालों से ज्यादा होने वाली है।

इस दौरान पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले क्या होता था, इसे भी नहीं भूलना चाहिए। पीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग जानते हैं कि सूरज ढलने के बाद बेटी के घर से बाहर निकलने का मतलब क्या होता था। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में लोगों के बीच सुरक्षा का विश्वास जगा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विश्व की स्किल कैपिटल बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल एशिया प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रहा है और यह आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा।

पीएम मोदी ने पश्चिमी एशिया में युद्ध के दौरान गैस की सप्लाई बाधित होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे लेकर उछलने लगे और उन्हें बोलने का मौका मिल गया, लेकिन कोई दिक्कत नहीं हुई। पीएम ने कहा कि बीते 12-13 वर्षों में ही भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और यह बहुत बड़ी घटना है।

वहीं, कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर भारत दुनिया के अंदर सबसे युवा देश है तो उत्तर प्रदेश भारत के अंदर सबसे युवा प्रदेश है और सबसे ज्यादा युवा उत्तर प्रदेश में प्रवास करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं की ताकत को एक प्लेटफॉर्म मिला है।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 17 लाख से ज्यादा युवा प्रशिक्षित हुए हैं और 7 लाख से ज्यादा युवाओं का कैंपस प्लेसमेंट हुआ है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री चलाने के लिए यंग स्किल्ड वर्क फोर्स जरूरी है। प्रदेश में 2026 में 50 हजार से ज्यादा स्किल्ड युवाओं को नौकरी मिली, जिनमें 3000 से ज्यादा दिव्यांग युवा भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्किल्ड मैनपावर ही विकसित भारत की सबसे बड़ी बैकबोन है और स्किल इंडिया के माध्यम से युवा लगातार प्रशिक्षित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *