KNEWS DESK- विमानों की लगातार देरी, उड़ानें रद्द होने और संचालन से जुड़ी कमियों को लेकर नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नियामक ने एयरलाइन से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
DGCA ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में कहा कि स्पाइसजेट के विमानों का बड़ा हिस्सा ग्राउंडेड है और उन्हें दोबारा सेवा में लाने के लिए एयरलाइन की ओर से कोई ठोस योजना पेश नहीं की गई है। तय शेड्यूल के अनुसार उड़ानें संचालित नहीं होने, लगातार देरी और कैंसिलेशन के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एयरलाइन की घरेलू बाजार हिस्सेदारी भी अगस्त में 1.2 प्रतिशत से घटकर सितंबर में 0.6 प्रतिशत रह गई। DGCA ने यात्रियों को होने वाली परेशानियों और उनकी मदद के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने पर भी स्पाइसजेट से स्पष्टीकरण मांगा है।
इस बीच यात्रियों ने सोशल मीडिया पर उड़ानें रद्द होने और घंटों देरी की शिकायतें की हैं। मुंबई-फुकेत फ्लाइट रद्द होने से एक यात्री ने होटल और अन्य बुकिंग में हुए नुकसान की शिकायत की। वहीं दरभंगा-दिल्ली और दिल्ली-पटना उड़ानों के यात्रियों ने भी आखिरी समय पर कैंसिलेशन और घंटों देरी की शिकायत की।
स्पाइसजेट ने यात्रियों को जवाब देते हुए कहा कि शेड्यूल में बदलाव के कारण कुछ उड़ानें रद्द हुई हैं। एयरलाइन ने कहा कि वह उड़ानों को समय पर संचालित करने की कोशिश करती है, लेकिन कुछ जरूरी परिस्थितियों में देरी या कैंसिलेशन हो सकता है।