सोशल मीडिया अकाउंट पर कथित रोक और पोस्ट हटाने के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में Meta के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के ऑफिस परिसर में घुसने, नारे लगाने और एक गमले को नुकसान पहुंचाने का वीडियो सामने आया। पुलिस ने करीब 20 कार्यकर्ताओं को लगभग तीन घंटे तक हिरासत में रखा, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
Knews Desk – हैदराबाद में शुक्रवार को Meta के ऑफिस पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कथित रोक और पोस्ट हटाने के विरोध में प्रदर्शन करने वाले करीब 20 यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को करीब तीन घंटे तक हिरासत में रखा गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान मामला तब और बढ़ गया जब सामने आए वीडियो में कार्यकर्ता ऑफिस परिसर में घुसते, नारे लगाते और एक गमले को नुकसान पहुंचाते दिखे। हालांकि बाद में सभी कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रेसिडेंट शिव चरण ने कहा कि कार्यकर्ताओं का एक ग्रुप Meta के ऑफिस में रिप्रेजेंटेशन देने गया था, लेकिन उन्हें बिल्डिंग के अंदर नहीं जाने दिया गया और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
हालांकि, पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारी कंपनी के परिसर में घुस गए थे, लेकिन Meta की मेन बिल्डिंग तक नहीं पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि वे कंपनी की मेन बिल्डिंग में नहीं घुसे थे। पुलिस ने यह भी कहा कि Meta के अधिकारियों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
वहीं, शुक्रवार शाम को मुंबई में भी Meta के दफ्तर के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन हुआ। यूथ कांग्रेस का आरोप है कि Meta विपक्ष के नेता राहुल गांधी के फेसबुक और इंस्टाग्राम पोस्ट को तरजीह नहीं दे रही है और BJP को अहमियत दे रही है।
प्रदर्शनकारियों ने सात विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और स्वतंत्र क्रिएटर्स के अकाउंट्स से पाबंदियां हटाने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया। साथ ही चेतावनी दी कि मांग नहीं मानी गई तो Meta के दफ्तरों के बाहर विरोध और तेज किया जाएगा और कानूनी लड़ाई भी जारी रहेगी।
इस घटना के बाद मुंबई में BKC पुलिस ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने BKC की एक बिल्डिंग में कथित विरोध और तोड़फोड़ के मामले में चार नामजद लोगों और 15-20 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है।
FIR के मुताबिक, करीब 20-25 लोगों का एक ग्रुप बिल्डिंग के बाहर इकट्ठा हुआ और कथित तौर पर नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। FIR में आरोप है कि लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे के बाहरी हिस्से पर ‘RSS का बेटा मेटा’ लिख दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों ने मौके पर हंगामा किया।
पुलिस ने FIR में चार लोगों के साथ 15-20 अज्ञात महिलाओं का नाम दर्ज किया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं 37 (3) और 135 तथा महाराष्ट्र संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 1995 की धारा 3 के तहत दर्ज किया गया है।