KNEWS DESK- दिल्ली में गेस्ट हाउस और लाजिंग-बोर्डिंग प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को लेकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम ने संचालकों को भवन उपनियमों और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। 12 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली इमारतों में संचालित गेस्ट हाउस के लिए अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र (एफएससी) अनिवार्य किया गया है।
12 मीटर से ऊंची इमारतों में एफएससी जरूरी
एमसीडी के जनस्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार, 12 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाली इमारतों में चल रहे गेस्ट हाउस के पास अग्निशमन विभाग का वैध अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र होना जरूरी है। बिना प्रमाणपत्र या समाप्त प्रमाणपत्र के प्रतिष्ठान चलाना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना जाएगा। वहीं, 12 मीटर से कम ऊंचाई वाली इमारतों में एफएससी से छूट है, लेकिन आग से बचाव के बुनियादी इंतजाम, स्पष्ट निकास मार्ग और कार्यशील अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रहेंगे।
चौथी मंजिल पर भी नहीं चला सकेंगे गेस्ट हाउस
निगम ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में चौथी मंजिल या उससे ऊपर गेस्ट हाउस या व्यावसायिक आवास की गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकेंगी। यहां ठहरने, रिसेप्शन या किसी अन्य व्यावसायिक गतिविधि की भी अनुमति नहीं होगी।
रसोई और भोजनालय के लिए लाइसेंस जरूरी
गेस्ट हाउस में रसोई और भोजनालय चलाने के लिए अलग से अनुमति या लाइसेंस लेना होगा। रसोई का इस्तेमाल केवल ठहरे हुए मेहमानों को भोजन देने के लिए किया जा सकेगा। भोजनालय की बैठने की क्षमता स्वीकृत बिस्तरों की कुल संख्या से अधिक नहीं होगी। जिन क्षेत्रों में पाइप से प्राकृतिक गैस (पीएनजी) उपलब्ध है, वहां उसका उपयोग अनिवार्य होगा।