प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नीतीश सेतु का उद्घाटन करने के साथ 100 आधुनिक PM-eBuses को हरी झंडी दिखाई और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को पक्के घरों की चाबियां सौंपीं।
Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में शनिवार को 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने नीतीश सेतु का उद्घाटन किया और शहरी परिवहन को और आसान बनाने के लिए 100 आधुनिक PM-eBuses को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के घरों की चाबियां भी सौंपी गईं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों को इन सभी विकास की कोशिशों के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि आज औरंगाबाद-चोरदाहा 6 लेन हाईवे का भी लोकार्पण हुआ है। इन परियोजनाओं से पटना और वैशाली के बीच की दूरी और आवागमन की दिक्कतें कम होंगी। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने बिहार में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि NDA के सत्ता में आने से पहले हालात अलग थे। तब घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि आज निवेश पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले अपराध के आंकड़ों की सुर्खियां बनती थीं, लेकिन अब अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की चर्चा होती है।
पीएम मोदी ने कहा कि सड़क नेटवर्क के साथ-साथ बिहार में ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि एक समय बिहार में हजारों गांवों तक बिजली नहीं पहुंची थी, लेकिन आज वही बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है।
उन्होंने बक्सर थर्मल पावर प्लांट के निर्माण और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसे बड़े कार्यों का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे किसानों और पशुपालकों को भी लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से बिहार के युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को दवाई के लिए आने-जाने में सुविधा होगी। उन्होंने गंगा नदी पर बने दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल ब्रिज को भी जनता को समर्पित किया।
पीएम मोदी ने नीतीश सेतु का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस आधुनिक ब्रिज का नाम आदरणीय नीतीश जी के सम्मान में नीतीश सेतु रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह बिहारवासियों की तरफ से नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण के सम्मान का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी, उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का नया भरोसा मिला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने इतने वर्षों तक मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार की सेवा की और अब नीतीश के आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम आगे बढ़ा रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि इसी क्रम में आज यहां भी हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि उनके मित्र रामविलास पासवान की आत्मा जहां भी होगी, वह भी हम पर फूलों की वर्षा कर रही होगी, क्योंकि उनके सपनों को भी बिहार की विकास यात्रा में साकार किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की इस विकास यात्रा में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया गया है और इसी वजह से NDA सरकार के इस कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजन के लिए लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया है।
पीएम मोदी ने छठ पर्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। बिहार की माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत करके परिवार, समाज और जगत के मंगल की कामना की है। उन्होंने कहा कि अब छठी मैया के आशीर्वाद से यहां विकास का पर्व मनाया जा रहा है।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में सड़क, ऊर्जा, शहरी परिवहन, आवास और अन्य क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं को राज्य की बदलती तस्वीर से जोड़ते हुए कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य बिहार के लोगों के जीवन को आसान बनाना और राज्य को विकास की नई गति देना है।