KNEWS DESK- सुबह का नाश्ता दिनभर की ऊर्जा के लिए बेहद जरूरी होता है। ऐसे में नाश्ते में कुछ ऐसा शामिल करना चाहिए जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी हो। अगर आप रोज-रोज पराठे, पोहा या ब्रेड खाकर ऊब चुके हैं, तो इस बार साउथ इंडियन स्टाइल वेजिटेबल उत्तपम जरूर ट्राई करें।

वेजिटेबल उत्तपम स्वाद में शानदार होने के साथ पोषण से भी भरपूर होता है। इसमें सूजी के साथ ताजी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसे हेल्दी और टेस्टी बनाता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है और यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।
वेजिटेबल उत्तपम बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- सूजी – 1 कप
- दही – आधा कप
- पानी – 1 कप
- प्याज – 1 बारीक कटा हुआ
- टमाटर – 1 बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च – 3 से 4 बारीक कटी हुई
- शिमला मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
- गाजर – 1 बारीक कटी हुई
- हरा धनिया – 2 चम्मच
- काली मिर्च या लाल मिर्च पाउडर – आधा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- बेकिंग सोडा – थोड़ा सा
- घी या तेल – जरूरत के अनुसार
वेजिटेबल उत्तपम बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी, दही और पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें। इस मिश्रण को करीब 20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।
जब तक बैटर तैयार हो रहा है, तब तक प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक काट लें।
अब सूजी के घोल में नमक डालें और अच्छी तरह मिलाएं। अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिलाकर इसे डोसे के बैटर से थोड़ा गाढ़ा रखें। इसके बाद इसमें थोड़ा सा बेकिंग सोडा डालकर मिला लें।
तवे पर ऐसे पकाएं स्वादिष्ट उत्तपम
नॉन-स्टिक या लोहे के तवे को गर्म करें और उस पर थोड़ा सा घी या तेल लगाएं। अब एक कलछी की मदद से बैटर तवे पर डालें और हल्के हाथों से गोल आकार दें। इसके ऊपर कटी हुई सभी सब्जियां फैलाएं और उन्हें हल्के हाथ से दबा दें, ताकि सब्जियां उत्तपम पर अच्छी तरह चिपक जाएं। अब इसे धीमी आंच पर पकाएं। जब नीचे की तरफ से उत्तपम सुनहरा हो जाए तो इसे पलटकर दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें।
चटनी के साथ करें गरमा-गरम सर्व
तैयार है आपका स्वादिष्ट और हेल्दी वेजिटेबल उत्तपम। इसे नारियल की चटनी, सांभर, टमाटर की चटनी या हरी चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें।

यह नाश्ता न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन है बल्कि लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करता है। सुबह की शुरुआत के लिए यह एक परफेक्ट हेल्दी विकल्प हो सकता है।