KNEWS DESK- भारतीय पारंपरिक मिठाइयों में शकरपारे का एक अलग ही स्थान है। त्योहारों से लेकर पारिवारिक समारोहों और शाम की चाय तक, यह स्वादिष्ट स्नैक हर मौके को खास बना देता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे एक बार बनाकर लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। अगर आप भी घर पर हलवाई जैसे खस्ता और कुरकुरे शकरपारे बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके बहुत काम आने वाली है।

शकरपारे बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
- 500 ग्राम मैदा
- 250 ग्राम सूजी
- 1 कटोरी देसी घी (मोयन के लिए)
- तलने के लिए घी या तेल
- 2 कटोरी चीनी
- 4 से 8 हरी इलायची
- आधा कप पानी (चाशनी के लिए)
- आटा गूंथने के लिए आवश्यकतानुसार पानी
शकरपारे बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और सूजी को अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें देसी घी डालकर दोनों हाथों से अच्छे से मिक्स करें। मोयन सही है या नहीं, इसे जांचने के लिए मिश्रण को मुट्ठी में दबाएं। यदि यह बंधने लगे तो समझिए मोयन बिल्कुल सही है।
इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा तैयार करें और इसे लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। तय समय बाद आटे को दोबारा अच्छी तरह गूंथ लें और छोटी-छोटी लोइयां बना लें।
अब लोई को बेलकर चाकू की मदद से चौकोर या डायमंड शेप में काट लें। एक कढ़ाई में घी या तेल गर्म करें और मध्यम आंच पर शकरपारों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।

दूसरी तरफ एक पैन में चीनी और पानी डालकर एक तार की चाशनी तैयार करें। इसमें इलायची पाउडर मिलाकर खुशबू बढ़ाएं। अब तले हुए शकरपारों को चाशनी में डालें और लगातार चलाते रहें ताकि मीठी परत अच्छी तरह चढ़ जाए।
जब चाशनी सूखने लगे तो गैस बंद कर दें और कुछ देर तक चलाते रहें। पूरी तरह ठंडा होने के बाद शकरपारों को एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें।
स्टोरेज टिप
अगर शकरपारों को पूरी तरह ठंडा करके एयरटाइट कंटेनर में रखा जाए, तो उनका स्वाद और कुरकुरापन लगभग एक महीने तक बरकरार रहता है।
खास बात
घर पर बने शकरपारे न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होते हैं, बल्कि इनमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी आपकी पसंद के अनुसार होती है। यही वजह है कि ये बाजार के मुकाबले ज्यादा हेल्दी और ताजगी से भरपूर माने जाते हैं।