KNEWS DESK- 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है। अगले 9 दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाओं का असर लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में सेहत और त्वचा का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी हो जाता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि नौतपा के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, घमौरियां और स्किन टैनिंग जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है। इसलिए खानपान से लेकर कपड़ों तक हर चीज का सही चुनाव जरूरी है।
नौतपा में क्या खाएं?
आयुर्वेद विशेषज्ञों के अनुसार, नौतपा के दौरान शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखने वाली चीजों का सेवन करना चाहिए। डाइट में खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा, टमाटर, प्याज और हरी सब्जियों को शामिल करें। ये शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करते हैं।
इसके अलावा लौकी, तोरई, करेला, पुदीना और हरा धनिया जैसी मौसमी सब्जियां भी फायदेमंद मानी जाती हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए नारियल पानी, छाछ, बेल का शरबत, सौंफ का पानी और आम पन्ना जैसे हेल्दी ड्रिंक्स जरूर पिएं।
इन चीजों से करें परहेज

नौतपा के दौरान ज्यादा चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक पीने से बचना चाहिए। ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। साथ ही ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और बाहर का खाना भी नुकसान पहुंचा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन ही खाना चाहिए, ताकि शरीर पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
गर्मी में कैसे रखें स्किन का ध्यान?

तेज धूप से त्वचा को बचाने के लिए बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाना जरूरी है। चेहरे और सिर को स्कार्फ, टोपी या छाते से ढककर रखें। ज्यादा देर तक धूप में रहने से स्किन टैनिंग और सनबर्न की समस्या हो सकती है। इसके अलावा दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें, ताकि त्वचा में नमी बनी रहे और शरीर डिहाइड्रेट न हो।
नौतपा में कैसे कपड़े पहनें?
नौतपा के दौरान हमेशा हल्के रंग और कॉटन या लिनेन फैब्रिक के कपड़े पहनने चाहिए। ये कपड़े पसीना सोखते हैं और शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं। वहीं टाइट और मोटे कपड़े पहनने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर में गर्मी ज्यादा महसूस होती है।
घर से बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढकना न भूलें। इससे लू और तेज धूप से काफी हद तक बचाव हो सकता है।भीषण गर्मी के इन 9 दिनों में सही खानपान, पर्याप्त पानी और सही कपड़ों का चुनाव आपको कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकता है। इसलिए नौतपा में अपनी सेहत और स्किन का खास ध्यान रखें।