आवारा कुत्तों पर पंजाब सरकार सख्त, शेल्टर होम में रखे जाएंगे डॉग्स

Knews Desk- पंजाब सरकार ने आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को पूरे राज्य में सख्ती से लागू किया जाएगा। इसके तहत भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक इलाकों से आवारा कुत्तों को हटाकर शेल्टर होम में रखा जाएगा, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पंजाब के कई हिस्सों में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन रहा है। इसी को देखते हुए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू करने का फैसला किया है।

राज्यभर में बनेंगे डॉग शेल्टर

सरकार ने ऐलान किया है कि पूरे पंजाब में जरूरत के हिसाब से डॉग शेल्टर बनाए जाएंगे। इन शेल्टर होम में आवारा कुत्तों की देखभाल, इलाज, नसबंदी और टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस समस्या का “मानवीय और कानूनी” समाधान चाहती है।

भगवंत मान ने यह भी स्पष्ट किया कि रेबीज से संक्रमित, गंभीर रूप से बीमार या बेहद आक्रामक कुत्तों के मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और ABC नियमों का पालन किया जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बढ़ी बहस

सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में सार्वजनिक संस्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से आवारा कुत्तों को हटाने के अपने पुराने आदेश को बरकरार रखा था। अदालत ने कहा था कि लोगों को डर और खतरे के बिना जीने का अधिकार है।

हालांकि इस फैसले के बाद बहस भी तेज हो गई है। कई पशु प्रेमियों और कलाकारों ने सरकार से मानवीय रवैया अपनाने की अपील की है। पंजाबी अभिनेत्री Sonam Bajwa ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि लोगों की सुरक्षा जरूरी है, लेकिन पशुओं के प्रति संवेदनशीलता भी बनी रहनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *