ट्विशा शर्मा केस में आरोपी पति समर्थ सिंह लॉकअप में, आज कोर्ट में होगी पेशी

Knews Desk -भोपाल की मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के बाद जांच तेज हो गई है। जबलपुर में सरेंडर की कोशिश के बाद पुलिस हिरासत में लिए गए समर्थ सिंह को देर रात भोपाल लाया गया, जहां उसकी रात कटारा हिल्स थाने के लॉकअप में गुजरी।

पुलिस अब समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगने की तैयारी में है। शुरुआती पूछताछ में पुलिस उससे ट्विशा की मौत, घटना वाली रात की परिस्थितियों और फरारी के दौरान की गतिविधियों को लेकर सवाल कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस 2 से 7 दिन की रिमांड मांग सकती है ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।

जबलपुर कोर्ट में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा

समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। हालांकि कोर्ट की कार्यवाही खत्म हो चुकी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। ट्विशा के परिवार के वकील ने आरोप लगाया कि समर्थ कोर्ट परिसर में एक कमरे में छिपा हुआ था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।

CBI जांच और दूसरे पोस्टमार्टम की तैयारी

इस मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने जांच CBI को सौंपने की सिफारिश की है। वहीं मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है। इसके लिए AIIMS दिल्ली की फॉरेंसिक टीम भोपाल पहुंचेगी। ट्विशा के परिवार ने पहले पोस्टमार्टम और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।

मां गिरिबाला सिंह की मुश्किलें भी बढ़ीं

समर्थ सिंह की मां और पूर्व जज गिरिबाला सिंह पर भी केस में आरोप लगे हैं। हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग वाली याचिका पर नोटिस जारी किया है। परिवार का आरोप है कि मामले में सबूतों से छेड़छाड़ की गई।

गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की मौत के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिवार इसे दहेज हत्या बता रहा है, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *