KNEWS DESK- गणेश उत्सव का इंतजार भक्तों को पूरे साल रहता है. गणपति बप्पा के स्वागत से लेकर उनकी पूजा और भोग तक, हर चीज की अपनी खास परंपरा है. भगवान गणेश को मोदक बेहद प्रिय माना जाता है, इसलिए गणेश चतुर्थी के दौरान घरों में अलग-अलग तरह के मोदक बनाए जाते हैं.
इनमें महाराष्ट्र का पारंपरिक उकडीचे मोदक काफी लोकप्रिय है. इसकी बाहरी परत चावल के आटे से तैयार की जाती है, जबकि अंदर नारियल और गुड़ की स्वादिष्ट फिलिंग भरी जाती है. इसे भाप में पकाया जाता है, जिससे मोदक मुलायम और स्वादिष्ट बनते हैं.
उकडीचे मोदक के लिए जरूरी सामग्री
स्टफिंग के लिए
- 1 बड़ा चम्मच घी
- ½ बड़ा चम्मच खसखस
- 5-6 कटे हुए काजू
- 5-6 कटे हुए बादाम
- 3 कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
- एक चुटकी नमक
- 1½ कप गुड़
- ¼ छोटा चम्मच जायफल पाउडर
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
मोदक की बाहरी परत के लिए
- 1½ कप पानी
- ½ कप दूध
- एक चुटकी नमक
- 1 बड़ा चम्मच घी
- 1 बड़ा चम्मच साबूदाने का आटा
- 2 कप बारीक चावल का आटा
- जरूरत के अनुसार थोड़ा घी
सजाने के लिए
- दूध में भिगोया हुआ केसर
- चांदी का वर्क
ऐसे तैयार करें मोदक की स्टफिंग
सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें. इसमें खसखस, कटे हुए काजू और बादाम डालकर हल्का भून लें. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और करीब 4 से 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं.
इसके बाद गुड़ डालकर अच्छी तरह मिलाएं. गुड़ के पिघलने तक मिश्रण को पकाएं. फिर इसे कुछ मिनट और पकाएं, ताकि अतिरिक्त नमी कम हो जाए.
अब इसमें जायफल और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें. गैस बंद करके स्टफिंग को ठंडा होने के लिए रख दें.
चावल के आटे का आटा ऐसे करें तैयार
एक पैन में पानी और दूध गर्म करें. इसमें नमक और घी डालें. अब साबूदाने का आटा और चावल का आटा डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को ढककर धीमी आंच पर करीब 5 मिनट पकाएं. इसके बाद इसे एक प्लेट में निकालें. थोड़ा घी लगाकर मिश्रण को अच्छी तरह गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा मुलायम रहे, ताकि मोदक की बाहरी परत आसानी से तैयार हो सके.
अब बनाएं सुंदर आकार के मोदक
तैयार आटे से छोटे-छोटे नींबू के आकार के गोले बना लें. एक गोले पर थोड़ा चावल का आटा लगाकर उसे छोटी और पतली पूरी की तरह बेलें.
इसके बीच में तैयार नारियल-गुड़ की स्टफिंग रखें. अब किनारों पर उंगलियों की मदद से छोटी-छोटी चुन्नटें बनाएं और उन्हें धीरे-धीरे ऊपर की तरफ लाते हुए मोदक को बंद कर दें.
इसी तरह सभी मोदक तैयार कर लें. हर मोदक पर थोड़ा सा केसर वाला दूध लगाया जा सकता है.
भाप में पकाएं और लगाएं बप्पा को भोग
अब तैयार मोदकों को स्टीमर में रखें और अच्छी तरह भाप में पकाएं. पकने के बाद मोदक को थोड़ा ठंडा होने दें. चाहें तो ऊपर से चांदी का वर्क लगाकर इन्हें सजाएं. गणेश चतुर्थी के दिन पूजा के दौरान इन पारंपरिक उकडीचे मोदक को भगवान गणेश को भोग में अर्पित कर सकते हैं. घर पर बने ताजे मोदक से गणपति उत्सव का स्वाद और भी खास हो जाएगा.