KNEWS DESK- आजकल बदलती लाइफस्टाइल और गलत खानपान की वजह से गैस, ब्लोटिंग और एसिडिटी जैसी समस्याएं बेहद आम हो गई हैं। सुबह ब्रेड-बटर, दिनभर ऑयली फूड और रात में जंक फूड खाने की आदत पाचन तंत्र पर बुरा असर डाल सकती है।

कई लोगों को दिनभर पेट भारी लगना, सीने में जलन और गैस बनने जैसी समस्याएं परेशान करती रहती हैं। इससे न सिर्फ काम में मन नहीं लगता, बल्कि शरीर में सुस्ती और बेचैनी भी बनी रहती है।
सुबह की कुछ आदतें दिला सकती हैं राहत
आयुर्वेद एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर दिन की शुरुआत सही तरीके से की जाए तो गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है। सुबह के समय अपनाई गई कुछ हेल्दी आदतें पाचन को मजबूत बनाने में मदद कर सकती हैं।
खाली पेट गुनगुना पानी पीना फायदेमंद
सुबह उठते ही एक गिलास गुनगुना पानी पीना पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद माना जाता है। इससे शरीर में जमा गंदगी बाहर निकलने में मदद मिलती है और पेट हल्का महसूस होता है। नियमित रूप से गुनगुना पानी पीने से गैस और एसिडिटी की समस्या कम हो सकती है।
योगासन से भी मिल सकती है राहत
पाचन से जुड़ी समस्याओं में योग को बेहद असरदार माना जाता है। सुबह के समय वज्रासन, पवनमुक्तासन और बालासन जैसे योगासन करने से पेट से जुड़ी परेशानियों में राहत मिल सकती है। ये योगासन पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के साथ शरीर को एक्टिव और हल्का महसूस कराने में भी मदद करते हैं।
सुबह चाय-कॉफी की जगह पिएं हर्बल ड्रिंक्स
खाली पेट चाय या कॉफी पीने से कई बार एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है। इसकी जगह सुबह जीरा पानी, अजवाइन की चाय या धनिया का पानी पीना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। ये हर्बल ड्रिंक्स पाचन सुधारने और पेट की जलन कम करने में मदद कर सकती हैं।
पाचन मजबूत रखने के लिए अपनाएं हेल्दी लाइफस्टाइल
सिर्फ घरेलू उपाय ही नहीं, बल्कि अच्छी लाइफस्टाइल भी पाचन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती है। नियमित रूप से संतुलित आहार लें, पर्याप्त पानी पिएं, रोज एक्सरसाइज करें और 8 से 9 घंटे की नींद जरूर लें। अगर गैस, ब्लोटिंग या एसिडिटी की समस्या लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी माना जाता है।