गाजियाबाद की सोसायटी की लिफ्ट में युवक ने की पेशाब, CCTV फुटेज वायरल

इंदिरापुरम की शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी की लिफ्ट में युवक की शर्मनाक हरकत CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सोसायटी के लोगों में नाराजगी है।

Knews Desk- गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने लिफ्ट के अंदर पेशाब कर दिया। उसकी यह हरकत लिफ्ट में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद सोसायटी के लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

मामला अहिंसा खंड-1 स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी के एफ-2 टावर का बताया जा रहा है। वायरल CCTV फुटेज में युवक लिफ्ट के अंदर खड़ा नजर आता है। कुछ देर बाद वह लिफ्ट के कंट्रोल पैनल की तरफ पेशाब करता दिखाई देता है। इस दौरान लिफ्ट कई मंजिलों पर रुकती है और अलग-अलग फ्लोर पर उसके दरवाजे खुलते और बंद होते रहते हैं। इसके बावजूद युवक अपनी हरकत नहीं रोकता।

CCTV फुटेज में एक जगह लिफ्ट का दरवाजा खुलता है और बाहर एक व्यक्ति खड़ा दिखाई देता है। जैसे ही उसकी नजर लिफ्ट के अंदर मौजूद युवक पर पड़ती है, वह पीछे हट जाता है। इसके बाद लिफ्ट का दरवाजा बंद हो जाता है। कुछ समय बाद युवक अपने फ्लोर पर पहुंचता है और लिफ्ट से बाहर निकल जाता है। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद लिफ्ट में तेज बदबू आने लगी थी। इसके बाद सोसायटी के लोगों ने एओए और मेंटेनेंस विभाग से शिकायत की। शिकायत मिलने पर लिफ्ट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की गई, जिसके बाद युवक की हरकत सामने आई। इसके बाद किसी व्यक्ति ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सोसायटी में चर्चा का विषय बना हुआ है। लिफ्ट का इस्तेमाल रोजाना बड़ी संख्या में लोग करते हैं, ऐसे में इस तरह की हरकत को लेकर निवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक रूप से इस्तेमाल होने वाली जगहों को साफ-सुथरा रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। फिलहाल CCTV में नजर आ रहे युवक की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस में शिकायत हुई है या इस मामले में कोई कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *