KNEWS DESK – अमेजन प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘अलायंस’ में इन दिनों जबरदस्त चर्चा बनी हुई है। शो में सलमान खान के भाई सोहेल खान की एंट्री के बाद जहां इसकी लोकप्रियता और बढ़ गई है, वहीं अब एक वायरल क्लिप ने शो को विवादों में ला खड़ा किया है। इस क्लिप में टीवी एक्टर कुशाल टंडन अपनी एक्स गर्लफ्रेंड गौहर खान को लेकर कथित तौर पर भद्दा मजाक करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना जिम सेशन के दौरान की है, जब सभी कंटेस्टेंट्स वर्कआउट कर रहे थे। इसी दौरान जैद दरबार ने कुशाल से सिगरेट मांगी, जिस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि क्या उनके पास अपनी सिगरेट नहीं है। जब जैद ने बताया कि उनके पास वाली सिगरेट अच्छी नहीं है, तो कुशाल ने तंज कसते हुए कहा कि “तुम्हें हमेशा मेरी चीजें ही पसंद आती हैं।”
यही बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि इसे कई लोग गौहर खान से जोड़कर देख रहे हैं। क्लिप में मौजूद कंटेस्टेंट्स में से कुछ लोग हंसते नजर आए, जबकि अरसलान ने तुरंत बीच में आकर कुशाल को टोक दिया।
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स अरसलान के रिएक्शन की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस बयान को लेकर कुशाल की आलोचना कर रहे हैं।
गौरतलब है कि कुशाल टंडन और गौहर खान का रिश्ता ‘बिग बॉस 7’ के दौरान शुरू हुआ था, जहां दोनों की केमिस्ट्री काफी चर्चित रही थी। हालांकि 2014 में दोनों का ब्रेकअप हो गया और वे अलग हो गए। बाद में गौहर खान ने 2020 में जैद दरबार से शादी कर ली और अब वे दो बच्चों की मां हैं।