चिराग पासवान के साथ गणपति विसर्जन में फूट-फूटकर रोने वाले विशाल सिंह कौन हैं? ‘जिगर मोदी’ से बनाई खास पहचान

Knews Desk – केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान का कुछ दिनों पहले इंटरनेट पर एक वीडियो जमकर वायरल हुआ। इसमें वह मुंबई में गणपति विसर्जन के दौरान काफी इमोशनल नजर आए। इस दौरान उनके साथ ‘साथ निभाना साथिया’ में जिगर मोदी का रोल निभाने वाले अभिनेता विशाल सिंह भी मौजूद थे। दोनों को एक-दूसरे को संभालते और फूट-फूटकर रोते हुए देखकर फैन्स भी हैरान रह गए।

वायरल वीडियो में चिराग पासवान और विशाल सिंह पिंक कलर के कपड़ों में ट्विनिंग करते नजर आए। बप्पा को विदा करते हुए दोनों एक-दूसरे को संभाल रहे थे और काफी भावुक दिखाई दिए। दरअसल, चिराग पासवान राजनीति में आने से पहले एक्टर रह चुके हैं। उनकी कंगना रनौत के साथ फिल्म ‘मिले ना मिले हम’ आई थी। ऐसे में अब उनके साथ नजर आए विशाल सिंह को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।

विशाल सिंह टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर और मॉडल हैं। पंजाब के बठिंडा में जन्मे विशाल सिंह को बचपन से ही एक्टिंग और मॉडलिंग का शौक था। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2007 में एकता कपूर के टीवी शो ‘कसम से’ में ‘ऋषि त्यागी’ के किरदार से की थी।

विशाल सिंह को घर-घर में असली पहचान स्टार प्लस के सुपरहिट टीवी शो ‘साथ निभाना साथिया’ से मिली। इस शो में उन्होंने ‘जिगर मोदी’ का किरदार निभाया था। उनकी और ‘रसोड़े वाली गोपी बहू’ यानी देवोलीना भट्टाचार्जी की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके अलावा विशाल सिंह ‘कुछ इस तरह’ और ‘परवरिश’ जैसे सीरियल्स में भी काम कर चुके हैं। वह बॉलीवुड फिल्म ‘ट्रैफिक’ में भी नजर आए थे।

विशाल सिंह इंटरनेशनल फैशन शो और मॉडलिंग में भी काफी एक्टिव रहते हैं। एक्टिंग के अलावा उन्हें उनके शानदार ड्रेसिंग सेंस के लिए भी जाना जाता है। वह ‘झलक दिखला जा’ जैसे डांस रियलिटी शो में भी नजर आ चुके हैं। ‘साथ निभाना साथिया’ की सफलता के बाद विशाल सिंह ने इंडोनेशिया के कई टीवी शोज और ड्रामा में भी काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *