KNEWS DESK – टीवी की मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे इन दिनों एकता कपूर के रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में अपनी एंट्री के बाद लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो में आते ही शिल्पा को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई लोग उनके पुराने विवादों को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं अब शो के अंदर शिल्पा ने अपने करियर और ‘भाबीजी घर पर हैं’ से जुड़े विवाद को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
शिल्पा शिंदे ने दावा किया है कि ‘भाबीजी घर पर हैं’ छोड़ने के करीब 9 साल बाद शो के मेकर्स ने खुद उनसे दोबारा वापसी के लिए संपर्क किया था। शिल्पा ने कहा कि अगर उनके साथ कोई रिश्ता खराब था तो फिर इतने साल बाद उन्हें वापस बुलाने की जरूरत क्यों पड़ी।
दरअसल, शिल्पा शिंदे ने साल 2016 में लोकप्रिय शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ में अंगूरी भाभी का किरदार छोड़ दिया था। इस शो से उन्हें घर-घर में पहचान मिली थी, लेकिन शो छोड़ने के बाद मेकर्स और उनके बीच विवाद काफी चर्चा में रहा था।
‘लॉकअप 2’ के एक एपिसोड में शिल्पा ने अपने पुराने विवादों पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कभी कानून का गलत इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि अपने अधिकारों के लिए उसका सहारा लिया। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि लोगों को महिलाओं के संघर्ष को समझना चाहिए और जब कोई महिला अपने लिए आवाज उठाती है तो उसे गलत नजर से नहीं देखा जाना चाहिए।
https://www.instagram.com/reels/DadK0i6viEm/
शिल्पा ने आगे कहा कि लोग अक्सर किसी महिला के साथ घटना होने के बाद उसके समर्थन में खड़े होते हैं, लेकिन जब वही महिला खुद अपने लिए लड़ती है तो सवाल उठाने लगते हैं।
शो में शिल्पा की बातों पर कुछ कंटेस्टेंट्स ने असहमति भी जताई, जिसके बाद दोनों के बीच बहस देखने को मिली। हालांकि, शिल्पा अपने बयान पर कायम रहीं और उन्होंने कहा कि वक्त आने पर ही लोगों को उनकी बातों की गहराई समझ आएगी।
अब शिल्पा शिंदे के इस बयान के बाद एक बार फिर ‘भाबीजी घर पर हैं’ विवाद चर्चा में आ गया है। फैंस भी सोशल मीडिया पर उनके दावों और पुराने विवाद को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।