जय भानुशाली से तलाक के बाद माही विज को फिर हुआ प्यार? डेटिंग पर एक्ट्रेस ने दिया जवाब

बिग बॉस 20 में माही विज और काजी तौकीर की दोस्ती खूब चर्चा में है। शो के दौरान काजी ने माही से उनकी लव लाइफ को लेकर सवाल किए, जिस पर एक्ट्रेस मुस्कुराती और शरमाती नजर आईं।

Knews Desk – टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस माही विज इन दिनों रियलिटी शो बिग बॉस 20 में नजर आ रही हैं। शो में उनकी दोस्ती काजी तौकीर के साथ है। दोनों एक-दूसरे के साथ सबसे ज्यादा समय बिताते हैं और कई बातें भी शेयर करते हैं। जय भानुशाली से तलाक के बाद माही बिग बॉस का हिस्सा बनी हैं। वहीं, अब एक्ट्रेस अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। शो के एक एपिसोड में काजी तौकीर ने मजाकिया अंदाज में माही से सवाल किया कि क्या कोई उनसे संपर्क कर सकता है। इस पर एक्ट्रेस ने जवाब दिया, “नहीं, मुझसे संपर्क नहीं कर सकते। मैं सभी के लिए ओपन नहीं हूं।”

इसके बाद काजी ने माही से और जानने की कोशिश की। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि शायद माही कुछ चुनिंदा लोगों के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या माही ने तीन-चार लोगों को चुन रखा है और क्या कोई उन्हें प्रपोज कर सकता है। काजी के इन सवालों पर माही लगातार मुस्कुराती और शरमाती नजर आईं।

क्या किसी को डेट करना चाहती हैं माही विज?

काजी ने मजाक-मजाक में माही से यह भी पूछा कि उनके पास कितने विकल्प हैं। हालांकि, माही ने किसी खास शख्स में दिलचस्पी होने की बात नहीं मानी। इस बातचीत के दौरान वहां मौजूद उदिति सिंह ने मजाक में कहा कि शायद माही का कोई खास इंसान यह शो देख रहा होगा। हालांकि, माही ने इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कहा। ऐसे में अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि वह किसी को डेट करना चाहती हैं या नहीं।

14 साल बाद जय भानुशाली से अलग हुईं माही

माही विज और जय भानुशाली ने जनवरी 2026 में अलग होने का ऐलान किया था। दोनों की 14 साल की शादी खत्म हो गई। माही और जय की एक बेटी तारा है। इसके अलावा, दोनों अपने फोस्टर बच्चों खुशी और राजवीर की भी परवरिश कर रहे हैं।

जय भानुशाली ने हाल ही में बताया कि माही के बिग बॉस 20 में हिस्सा लेने की वजह से उन्हें अपनी बेटी तारा के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका मिल रहा है। जय ने यह भी कहा है कि वह चाहते हैं कि माही यह शो जीतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *