‘रामायण पार्ट 1’ की रिलीज जैसे-जैसे करीब आ रही है, फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। बड़े स्तर पर दुनियाभर में रिलीज होने वाली इस फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है। पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं, फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे यश का पोस्टर भी सामने आया है। दोनों पोस्टर्स के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं।
Knews Desk – राम, सीता और लक्ष्मण के पोस्टर में तीनों कलाकार वनवास की वेशभूषा में नजर आ रहे हैं। रणबीर कपूर के राम के रूप में चेहरे पर सौम्यता दिखाई दे रही है, वहीं साई पल्लवी सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में तीनों के बीच प्रेम, एकता और साथ का भाव दिखाई देता है। ‘द वर्ल्ड ऑफ रामायण’ ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘धर्म में हमेशा साथ।’
पोस्टर सामने आने के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने इसे बेहद खूबसूरत बताया, तो किसी ने लिखा कि यह पोस्टर उम्मीदों पर खरा उतरता है। एक यूजर ने इसे ‘माइंड ब्लोइंग पोस्टर’ बताया। हालांकि, कुछ लोगों ने पोस्टर को लेकर निराशा भी जाहिर की और कहा कि इसमें ऐसा कुछ नया नहीं है, जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़े।
इसके अलावा फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे यश का पोस्टर भी जारी किया गया है। पोस्टर में यश का लुक काफी आक्रामक नजर आ रहा है। उनकी बॉडी लैंग्वेज में रौब और आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया, ‘तीनों लोक का शासक- रावण।’
यश के रावण लुक पर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे शानदार बताया, जबकि कुछ फैंस ने यश के लुक को अब तक के सबसे खूंखार रावण के रूप में बताया। कई दर्शकों ने कहा कि वे फिल्म में यश की एंट्री देखने का इंतजार कर रहे हैं।
‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म का पहला पार्ट 2026 की दिवाली पर रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसका निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है।
फिल्म के बजट को लेकर रिपोर्ट्स में करीब 4000 करोड़ रुपये का आंकड़ा बताया गया है। अगर यह आंकड़ा सही है, तो ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे बड़े बजट वाली फिल्मों में शामिल होगी। अब पोस्टर्स के बाद दर्शकों को फिल्म के अगले अपडेट और ट्रेलर का इंतजार है।