प्रभास की ‘फौजी’ में होगा जबरदस्त इंटरवल ब्लॉक, हाई-वोल्टेज सीन की शूटिंग जल्द शुरू

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार प्रभास इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता के पास एक के बाद एक कई मेगा बजट फिल्में हैं, जिनमें ‘स्पिरिट’, ‘कल्कि 2’ और ‘फौजी’ जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं। हालांकि, इस साल रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन अब फैंस की नजर उनकी अपकमिंग फिल्मों पर टिकी हुई है।

इनमें सबसे ज्यादा चर्चा निर्देशक हनु राघवपुडी की फिल्म ‘फौजी’ को लेकर है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अब एक नया अपडेट सामने आया है।

‘फौजी’ के इंटरवल सीन की होगी खास शूटिंग

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रभास स्टारर ‘फौजी’ में एक जबरदस्त हाई-वोल्टेज इंटरवल एपिसोड देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि इस खास हिस्से की शूटिंग 10 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली है।

फिल्म के इस इंटरवल सीक्वेंस में एक्शन के साथ-साथ इमोशनल ड्रामा भी देखने को मिलेगा। इसे कहानी का बेहद अहम हिस्सा बताया जा रहा है। इस बड़े शेड्यूल की शूटिंग एक्शन कोरियोग्राफर राम-लक्ष्मण मास्टर्स की निगरानी में की जाएगी। इस दौरान प्रभास के अलावा फिल्म के कई अहम कलाकार भी शूटिंग का हिस्सा होंगे।

700 करोड़ के बजट में बन रही है फिल्म?

प्रभास की ‘फौजी’ को लेकर पहले खबरें सामने आई थीं कि यह एक बड़े बजट की वॉर-एक्शन ड्रामा फिल्म होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट करीब 700 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है। फिल्म को Mythri Movie Makers प्रोड्यूस कर रहा है।

हनु राघवपुडी इस फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार कर रहे हैं। फिल्म में जबरदस्त एक्शन के साथ रोमांस का तड़का भी देखने को मिलेगा। फिल्म के कुछ किरदारों के लुक पहले ही सामने आ चुके हैं, जिसके बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।

रिलीज डेट पर अभी भी बना हुआ है सस्पेंस

पहले चर्चा थी कि ‘फौजी’ को इसी साल सितंबर या अक्टूबर के आसपास रिलीज किया जा सकता है, लेकिन अभी तक मेकर्स की तरफ से आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है। इसके अलावा फिल्म की शूटिंग को लेकर भी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रभास की आने वाली फिल्मों में ‘स्पिरिट’ और ‘कल्कि 2’ पर भी काम जारी है। ऐसे में अब फैंस को इंतजार है कि ‘फौजी’ की पहली झलक और रिलीज डेट को लेकर मेकर्स कब बड़ा ऐलान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *