‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान ने स्काउट ओपी और माही विज के रवैये पर उठाए सवाल, यंग डीएसए के साथ दोस्ती में विश्वासघात का मुद्दा भी आया सामने
Knews Desk – कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान अपने पुराने और बेबाक अंदाज में नजर आए। सलमान ने घर के कई सदस्यों के दोहरे रवैये को सबके सामने उजागर किया, जिसके बाद पूरे घर में सन्नाटा पसर गया। एपिसोड में दोस्ती में विश्वासघात और पीठ पीछे की जा रही बातों का ऐसा खुलासा हुआ कि कई कंटेस्टेंट्स की बोलती बंद हो गई। खासतौर पर गेमर स्काउट ओपी और एक्ट्रेस माही विज के रवैये पर सलमान खान ने सवाल उठाए, जबकि अपने ही दोस्त से धोखा मिलने के बाद रैपर यंग डीएसए भावुक होकर फूट-फूटकर रो पड़े।
एपिसोड का सबसे भावुक मोड़ तब आया जब सलमान खान ने घर के बाहर मौजूद कुछ समर्थकों के वीडियो क्लिप दिखाए। इन क्लिप्स में समर्थकों ने उस कंटेस्टेंट को निशाने पर लिया, जिसे वे सबसे ज्यादा नापसंद करते हैं। इसी दौरान रैपर संबाटा ने स्काउट ओपी पर गंभीर सवाल उठाते हुए खुलासा किया कि स्काउट ने यंग डीएसए की जिंदगी का सबसे बड़ा राज कनिका मान और गुल्लू के सामने खोल दिया है। जैसे ही यंग डीएसए को इस बात की जानकारी हुई, वे खुद को संभाल नहीं पाए और कैमरों के सामने रो पड़े।
इस मुश्किल घड़ी में सलमान खान खुलकर यंग डीएसए के समर्थन में नजर आए। सलमान ने कहा कि यंग ने स्काउट से सिर्फ इसलिए झूठ बोला था, ताकि स्काउट को अच्छा महसूस हो सके। सलमान ने स्काउट को फटकार लगाते हुए यह भी कहा कि वह यंग के सच्चे दोस्त नहीं हैं।
वहीं, माही विज भी ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान के सवालों के घेरे में नजर आईं। यंग डीएसए के दोस्त रियार साब ने वीडियो संदेश के जरिए माही विज को इस बात पर लताड़ा कि उन्होंने घर खरीदने के बजाय महंगी जैकेट्स खरीदने के यंग के फैसले पर टिप्पणी की थी। इस बात से यंग काफी नाराज हुए। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वे नेशनल टेलीविजन पर अपनी जिंदगी की हर बात नहीं बता सकते।
माही विज से भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ और आम्रपाली दुबे के लिंक-अप की अफवाहों पर बातचीत करने को लेकर भी सवाल पूछे गए। घर के अंदर मौजूद आम्रपाली दुबे ने माही की इस हरकत पर निराशा जताई। इसके अलावा एपिसोड की शुरुआत में काजी तौकीर और माही विज को गुल्लू की कनिका मान और लव गिल के साथ बढ़ती नजदीकियों पर चर्चा करते हुए भी देखा गया।
एपिसोड के अंत में सलमान खान ने घरवालों को यह झटका दिया कि रविवार को एक सदस्य घर से बेघर हो जाएगा। वहीं, कहा जा रहा है कि खराब तबीयत के चलते मनीष गोयल शो से बाहर हो गए हैं। कम वोट्स के चलते माही विज के बाहर होने की चर्चा थी, लेकिन मनीष की वजह से वह एक बार फिर बच गईं। पिछले हफ्ते भी माही को कम वोट्स मिले थे, लेकिन दो लाइफलाइन के चलते वह शो में बनी रही थीं।