Knews Desk – शनिवार-रविवार के बीच देश के कई हिस्सों में हुए भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश में हुए पांच बड़े सड़क हादसों में कुल 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास भीषण हादसा हुआ। खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे परिवार की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ड्राइवर को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जोधपुर में कार-ट्रैवल टेंपो की टक्कर
जोधपुर में कार और ट्रैवल टेंपो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। हादसे का शिकार हुआ परिवार गुजरात का बताया गया है, जो रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहा था। घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
गुजरात के भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर खावड़ा के पास कार और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हुई। हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर बेहद दर्दनाक था और सड़क पर शव बिखरे मिले।
करनाल में दो वाहनों की टक्कर
हरियाणा के करनाल में मॉडल टाउन के पास ज्वेल्स रोड पर दो वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन से चार लोगों के घायल होने की जानकारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की।
बिहार के अथमलगोला थाना क्षेत्र में सवनीमा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित हाइवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे। घायलों को पहले बाढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीन को बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर किया गया।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में NH-2 पर डबल डेकर बस और ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हुए। इनमें सात की हालत गंभीर बताई गई है। बस दिल्ली से वाराणसी जा रही थी। हादसे के बाद पुलिस ने राहत और बचाव का काम शुरू किया।