समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर अखिलेश यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सपा प्रमुख ने पिता से मिली सीख को याद करते हुए कहा कि बुरे वक्त में किसी का साथ देना और मदद की उम्मीद लेकर आने वाले व्यक्ति की यथासंभव सहायता करना ही सच्ची मानवता है।
KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती शनिवार, 22 नवंबर 2026 को मनाई जा रही है। इस मौके पर तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके बेटे और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी पिता को नमन करते हुए उनकी पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की और उनसे मिली सीख को याद किया।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि श्रद्धेय नेताजी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय-व्यावहारिक मूल्यों को और अधिक दृढ़ता के साथ आत्मसात करने तथा जीवन के हर क्षेत्र में सक्रिय करने का संकल्प दोहराते हैं।
अखिलेश यादव ने पिता से मिले सबसे सरल सबक का जिक्र करते हुए कहा कि किसी के बुरे वक्त में उसके साथ खड़ा होना चाहिए और अगर कोई मदद की उम्मीद लेकर आए तो यथासंभव उसकी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति किसी वजह या दबाव के कारण आपके खिलाफ हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह हमेशा बुरा या खराब है।सपा प्रमुख ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए कदम बढ़ाता है तो ऐसे समय में हाथ बढ़ाने से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने पिता की इन्हीं सीख और समाजवादी सिद्धांतों को जीवन में और मजबूती से अपनाने का संकल्प दोहराया।
मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य राजनीतिक नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण मुलायम सिंह यादव को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने भी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।
मुलायम सिंह यादव का जन्म 1939 में इटावा के सैफई गांव में हुआ था। उन्होंने 1967 में जसवंतनगर से अपना पहला चुनाव जीता। इसके बाद वह 10 बार विधायक और 7 बार सांसद रहे। मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। उनका पहला कार्यकाल 5 दिसंबर 1989 से 24 जून 1991 तक, दूसरा कार्यकाल 5 दिसंबर 1993 से 3 जून 1995 तक और तीसरा कार्यकाल 29 अगस्त 2003 से 13 मई 2007 तक रहा।