बालाघाट में चाऊमीन खाने से 118 बच्चे बीमार, 45 से अधिक जिला अस्पताल में भर्ती; कलेक्टर ने जाना हाल

बालाघाट के हिर्री गांव की मंडई में चाऊमीन खाने के बाद 118 बच्चों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण सामने आए। 45 से अधिक बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि 12 वयस्क भी अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों की हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई है।

KNEWS DESK-मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री में 21 नवंबर को आयोजित मंडई के दौरान चाऊमीन खाने के बाद बड़ी संख्या में बच्चे बीमार पड़ गए। चाऊमीन खाने के बाद बच्चों ने पेट दर्द समेत फूड पॉइजनिंग के लक्षणों की शिकायत की, जिसके बाद सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद 45 से अधिक बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया गया। इसके अलावा 12 वयस्कों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भर्ती अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद शेष बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार 22 नवंबर की सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने बच्चा वार्ड और अन्य वार्डों में भर्ती बच्चों तथा मरीजों से मुलाकात कर उनकी तबीयत की जानकारी ली। कलेक्टर ने चिकित्सकों को सभी मरीजों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने बताया कि जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की हालत सामान्य है। उन्होंने बताया कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *