KNEWS DESK – सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 20’ में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती और दुश्मनी के समीकरण धीरे-धीरे बनते नजर आ रहे हैं. 24 घंटे कैमरों की निगरानी में अलग-अलग मिजाज के सितारों का एक ही घर में रहना अक्सर दिलचस्प टकराव की वजह बन जाता है. अब भोजपुरी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे और ‘फेम गुरुकुल’ के विनर सिंगर काजी तौकीर के बीच कुछ ऐसा ही देखने को मिला.
शो के पहले दिन से काजी तौकीर अक्सर लिविंग एरिया और गार्डन में गुनगुनाते और रियाज करते नजर आ रहे हैं. जहां काजी के लिए गाना माहौल को हल्का रखने और खुद को रिलैक्स करने का तरीका है, वहीं आम्रपाली दुबे को उनकी गायकी कुछ खास पसंद नहीं आई.
आम्रपाली ने काजी की गायकी पर किया तंज
एक वीडियो में आम्रपाली दुबे चेहरे पर मुस्कान लिए काजी की गायकी पर तंज कसती नजर आईं. उन्होंने कहा, “तुम जिंदगी में कभी कोई ऐसा शो या कॉन्सर्ट मत करना जिसके लिए लोगों को अपनी जेब से पैसे खर्च करने पड़ें, वरना बेचारे दर्शकों के पैसे सीधे बर्बाद हो जाएंगे.”
आम्रपाली की यह बात भले ही मजाकिया अंदाज में कही गई हो, लेकिन उनका तंज सीधे काजी की गायकी पर था. घर में मौजूद कंटेस्टेंट्स के बीच इस बातचीत ने माहौल को और दिलचस्प बना दिया.
काजी तौकीर ने दिया करारा जवाब
आम्रपाली के इस तंज पर काजी तौकीर ने अपना आपा नहीं खोया. उन्होंने मुस्कुराते हुए सिर्फ इतना कहा, “आएगा, सबका टाइम आएगा.”
काजी का यह जवाब उनके आत्मविश्वास को दिखाता है. साल 2005 में रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ जीतकर सुर्खियों में आए काजी तौकीर के लिए यह पहली बार नहीं है जब उन्हें अपनी गायकी और अंदाज को लेकर लोगों की राय का सामना करना पड़ा हो.
अब बिग बॉस के घर में आम्रपाली और काजी के बीच हुई यह नोकझोंक आगे क्या मोड़ लेती है, यह देखना दिलचस्प होगा. क्या दोनों के बीच यह मजाक दोस्ताना रिश्ते में बदल जाएगा या आने वाले दिनों में इनके बीच तनाव बढ़ेगा, शो में यह देखने वाली बात होगी.