‘मूंछ नहीं तो मर्द नहीं’ वाले बयान पर घिरे आसिफ खान, गौहर खान ने लगाई फटकार

Knews Desk – ‘पंचायत’ फेम आसिफ खान इन दिनों ‘बिग बॉस 20’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं। शो में जहां उनका एग्रेशन लगातार देखने को मिल रहा है, वहीं अब उनका एक बयान भी चर्चा में आ गया है। पिछले ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान भी घरवालों के साथ उनके व्यवहार को लेकर उन्हें फटकार लगा चुके हैं। अब मूंछों को लेकर दिए गए आसिफ के बयान पर बिग बॉस 7 की विनर गौहर खान ने भी नाराजगी जताई है।

गौहर खान हर साल बिग बॉस को फॉलो करती हैं और शो में होने वाली घटनाओं पर अपनी राय भी रखती हैं। इस बार भी वह सीजन को करीब से देख रही हैं। इससे पहले गौहर ने मैरी कॉम के कथित झूठ बोलने पर प्रतिक्रिया दी थी और अब उन्होंने आसिफ खान के बयान पर सवाल उठाए हैं।

आसिफ के बयान पर गौहर ने जताई नाराजगी

शुक्रवार को गौहर खान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर आसिफ के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आसिफ का एक्टिंग करियर अच्छा चल रहा है, ऐसे में उन्हें शो में आकर इस तरह की सोच और व्यवहार दिखाने की जरूरत नहीं थी।

गौहर ने कहा कि जब एक लड़की उदिति के बारे में बेहद गलत तरीके से बातें कर रही थी, तब आसिफ उसे देखकर एन्जॉय कर रहे थे, जैसे वे बातें उनकी अपनी सोच हों। गौहर ने कहा कि यह देखकर उन्हें काफी बुरा लगा।

गौहर ने आसिफ के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने मूंछों को मर्द की निशानी बताया था। गौहर के मुताबिक, किसी पुरुष की पहचान सिर्फ मूंछों से नहीं होती, बल्कि उसकी सोच और व्यवहार से होती है। उन्होंने यह भी कहा कि एक मुस्लिम पुरुष के लिए मूंछ को लेकर इस तरह की बात करना धार्मिक नजरिए से भी सवाल खड़े करता है।

क्या बोले थे आसिफ खान?

दरअसल, जब गुल्लू ने यंग डीएसए के चेहरे पर ‘रिजेक्टेड’ का स्टांप लगाया, तो उसने इसकी वजह बताते हुए कहा कि यंग को लगता है कि वह पूरे घर को चला रहा है, जबकि ऐसा नहीं है। उसने यंग पर अपने ग्रुप के सभी लोगों की मूंछों को एक जैसा स्टाइल करवाने का आरोप भी लगाया।

इसके जवाब में आसिफ ने कहा कि वे राजस्थान से आते हैं और मूंछ उनकी पहचान है। उन्होंने कहा कि मूंछ-मुंडों को वे मर्दों में कंसिडर नहीं करते।

आसिफ के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना होने लगी। कई यूजर्स ने उनके बयान पर सवाल उठाए। वहीं कुछ लोगों ने सलमान खान से इस हफ्ते के ‘वीकेंड का वार’ में आसिफ को फटकार लगाने की मांग भी की है।