Knews Desk – सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में नौकरी पाने का मौका है। हाईकोर्ट ने कुक यानी रसोइया के 18 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती की खास बात यह है कि इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता सिर्फ चौथी कक्षा पास रखी गई है। इच्छुक उम्मीदवार 10 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन नहीं है। उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म बॉम्बे हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करके ऑफलाइन भरना होगा। इसके बाद जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन को स्पीड पोस्ट के जरिए निर्धारित पते पर भेजना होगा। आवेदन 10 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक पहुंच जाना जरूरी है।कुक पद के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 38 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। ऐसे अभ्यर्थी अधिकतम 43 वर्ष की उम्र तक आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता के अलावा उम्मीदवार के लिए मराठी और हिंदी भाषा का पढ़ना, लिखना और बोलना आना जरूरी है। अभ्यर्थी को शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह के भोजन तैयार करने का अनुभव होना चाहिए। यानी सिर्फ सामान्य खाना बनाने की जानकारी पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि उम्मीदवार को अलग-अलग प्रकार के व्यंजन तैयार करने की क्षमता भी होनी चाहिए।भर्ती में होटल या कैटरिंग क्षेत्र का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को फायदा मिल सकता है। तीन या पांच सितारा होटल में काम करने वाले अभ्यर्थियों अथवा कैटरिंग में डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवारों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। ऐसे उम्मीदवारों को अपने अनुभव से संबंधित प्रमाणपत्र आवेदन के साथ जमा करना होगा।
सैलरी की बात करें तो चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स के लेवल S-3 के अनुसार 16,600 रुपये से लेकर 52,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा पात्र कर्मचारियों को नियमों के अनुसार अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी मिलेगा।उम्मीदवारों का चयन कुल 50 अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें सबसे ज्यादा महत्व कुकिंग प्रैक्टिकल टेस्ट का होगा। यह टेस्ट 30 अंकों का होगा। इसके अलावा फिजिकल फिटनेस टेस्ट 10 अंकों और ओरल इंटरव्यू 10 अंकों का होगा। कुकिंग प्रैक्टिकल टेस्ट में उम्मीदवार को कम से कम 15 अंक हासिल करना अनिवार्य है।आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को हाईकोर्ट की वेबसाइट से निर्धारित फॉर्म डाउनलोड करना होगा। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सही तरीके से भरने के बाद शैक्षणिक योग्यता से जुड़े दस्तावेज, अनुभव प्रमाणपत्र और हाल की पासपोर्ट साइज फोटो की सेल्फ-अटेस्टेड कॉपी लगानी होगी।
इसके बाद आवेदन को स्पीड पोस्ट के जरिए प्रबंधक (प्रशासन), बॉम्बे हाईकोर्ट, बेंच औरंगाबाद, जालना रोड, छत्रपति संभाजीनगर-431009 के पते पर भेजना होगा। लिफाफे के ऊपर कुक पद के लिए आवेदन स्पष्ट रूप से लिखना जरूरी है।शुरुआत में उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क जमा नहीं करना होगा। हालांकि, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को बाद में 200 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन भेजने से पहले भर्ती की आधिकारिक शर्तों और दस्तावेजों की पूरी जानकारी जरूर जांच लें।