CBSE 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा 2026: नई तारीख से बढ़ी छात्रों की चिंता, जानें पूरा अपडेट

Knews Desk- सीबीएसई ने 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा को लेकर संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। री-इवैल्यूएशन के बाद ज्यादातर छात्रों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं और अब कंपार्टमेंट परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। बोर्ड ने परीक्षा की तारीख और आवेदन प्रक्रिया दोनों को अपडेट किया है, जिससे छात्रों को नई जानकारी के अनुसार आगे बढ़ना होगा

परीक्षा की तारीख और आवेदन की अंतिम तिथि
पहले यह परीक्षा 15 जुलाई को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे बदलकर 28 जुलाई कर दिया गया है। आवेदन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और छात्र 8 जुलाई तक अपना फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन संगम पोर्टल के जरिए किया जा रहा है और स्कूलों को एलओसी जमा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।

कौन- कौन से छात्र दे सकते हैं परीक्षा
इस कंपार्टमेंट परीक्षा में वे छात्र शामिल हो सकते हैं जो किसी एक विषय में असफल रहे हैं या अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं। इसके अलावा पिछले वर्ष कंपार्टमेंट श्रेणी में आए छात्रों को भी एक अंतिम मौका दिया गया है। यह परीक्षा ऐसे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है जो अपने परिणाम सुधारना चाहते हैं।

भारत में 300, नेपाल मे 1100 होगी फीस
परीक्षा के लिए फीस भारत में 300 रुपये तय की गई है। नेपाल के छात्रों के लिए यह 1100 रुपये और अन्य देशों के लिए 2200 रुपये रखी गई है। वहीं दृष्टिबाधित छात्रों को परीक्षा शुल्क से पूरी छूट दी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया में सभी नियमों का पालन अनिवार्य होगा।

तारीख बदलने पर छात्रों मे नाराजगी
परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाए जाने से छात्रों में नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि परिणाम देर से आने पर विश्वविद्यालयों में एडमिशन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। अगस्त तक रिजल्ट आने की आशंका से छात्रों की चिंता बढ़ गई है और कई छात्र ग्रेस मार्क्स देने की मांग कर रहे हैं ताकि उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *