CA Exam 2027: ICAI ने जारी किया जनवरी परीक्षा का शेड्यूल, जानें इंटर और फाउंडेशन की तारीखें

Knews Desk– इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली CA फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार CA इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 2 जनवरी 2027 से शुरू होंगी, जबकि फाउंडेशन परीक्षा 3 जनवरी 2027 से आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तारीखों की घोषणा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स रेगुलेशंस, 1988 के रेगुलेशन 22 के तहत की गई है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी जारी शेड्यूल के अनुसार अपनी तैयारी की रणनीति बना सकते हैं।

CA इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए ICAI ने ग्रुप 1 और ग्रुप 2 का अलग-अलग कार्यक्रम जारी किया है। ग्रुप 1 की परीक्षाएं 2, 4 और 6 जनवरी 2027 को आयोजित होंगी। इसके बाद ग्रुप 2 की परीक्षाएं 8, 10 और 12 जनवरी 2027 को होंगी। सभी इंटरमीडिएट पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक पेपर की अवधि तीन घंटे निर्धारित की गई है। इस तरह इंटरमीडिएट परीक्षा का पूरा कार्यक्रम 2 जनवरी से शुरू होकर 12 जनवरी 2027 तक चलेगा।वहीं CA फाउंडेशन परीक्षा 3 जनवरी 2027 से शुरू होगी। फाउंडेशन के पेपर 3, 5, 7 और 9 जनवरी 2027 को आयोजित किए जाएंगे। पेपर 1 और पेपर 2 की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी और इन दोनों पेपर की अवधि तीन घंटे निर्धारित की गई है। वहीं पेपर 3 और पेपर 4 दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों पेपर की अवधि दो घंटे होगी।

ICAI ने फाउंडेशन परीक्षा को लेकर एडवांस रीडिंग टाइम की जानकारी भी दी है। फाउंडेशन पेपर 3 और पेपर 4 को छोड़कर बाकी सभी पेपर के लिए दोपहर 1:45 बजे से 2 बजे तक 15 मिनट का एडवांस रीडिंग टाइम दिया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने का समय मिलेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले समय और परीक्षा से जुड़े निर्देशों की जानकारी ध्यान से देखने की सलाह दी गई है।ICAI ने जनवरी 2027 की परीक्षाओं की तारीखों को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी भी दी है। संस्थान के अनुसार यदि केंद्र सरकार, राज्य सरकार या स्थानीय प्रशासन की ओर से किसी निर्धारित परीक्षा तिथि को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाता है, तब भी परीक्षा का शेड्यूल नहीं बदला जाएगा। यानी किसी सार्वजनिक अवकाश की वजह से परीक्षा की तारीख में बदलाव नहीं किया जाएगा।ICAI के अनुसार जनवरी 2027 की परीक्षाएं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही आयोजित की जाएंगी। हालांकि इसके लिए संबंधित परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पर्याप्त संख्या होना जरूरी है। ऐसे में CA फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को जारी कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी पूरी करनी होगी और परीक्षा से पहले सभी जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी लेनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *