NEET PG 2026 Result: NBEMS ने जारी किया NEET PG रिजल्ट, जानें कटऑफ, रॉ स्कोर और आंसर-की से जुड़ी पूरी जानकारी

KNEWS DESK– NEET PG 2026 का रिजल्ट जारी हो गया है। इस बार NBEMS ने रिजल्ट के साथ उम्मीदवारों का रॉ स्कोर और रैंक भी जारी की है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद पहली बार परीक्षा की आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट भी उपलब्ध कराई जाएगी।

राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान बोर्ड (NBEMS) ने NEET PG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। मेडिकल के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सों में एडमिशन के लिए आयोजित इस परीक्षा का परिणाम गुरुवार 24 सितंबर को जारी किया गया। उम्मीदवार अपना रिजल्ट NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से चेक कर सकते हैं। इस बार रिजल्ट के साथ उम्मीदवारों का रॉ स्कोर और रैंक भी जारी की गई है।

NEET PG 2026 परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त को देशभर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा के लिए कुल 2,73,096 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही शिफ्ट में आयोजित की गई थी।

जयपुर के iON Digital Zone, सीतापुरा स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा प्रभावित हुई थी। इन केंद्रों के प्रभावित उम्मीदवारों के लिए NBEMS ने 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की थी।

इस बार NEET PG की आंसर-की को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद NBEMS पहली बार NEET PG की आंसर-की जारी करेगा। इसके साथ उम्मीदवारों की रिस्पॉन्स शीट भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे अभ्यर्थी अपने रिकॉर्ड किए गए जवाबों का मिलान बोर्ड की ओर से जारी सही उत्तरों से कर सकेंगे।

आंसर-की 1 अक्टूबर या उसके बाद जारी की जा सकती है। इसमें सवालों की आईडी संख्या, उम्मीदवारों द्वारा दिए गए जवाबों की आईडी और मूल्यांकन योजना के अनुसार प्रत्येक सवाल के लिए दिए गए नंबर शामिल होंगे।

NEET PG 2026 का रिजल्ट चेक करने के लिए उम्मीदवारों को NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद NEET PG 2026 रिजल्ट लिंक पर क्लिक कर लॉगिन करना होगा। उम्मीदवार आवेदन संख्या और जन्म तिथि या पासवर्ड के जरिए लॉगिन कर अपना परिणाम देख सकेंगे।

NEET PG 2026 के क्वालीफाइंग कटऑफ की बात करें तो जनरल और EWS वर्ग के लिए 50वां पर्सेंटाइल निर्धारित किया गया है। इस वर्ग के लिए कटऑफ 262 अंक रहा। सामान्य PwBD उम्मीदवारों के लिए 45वां पर्सेंटाइल और 244 अंक कटऑफ रहा। वहीं SC, ST और OBC वर्ग के लिए 40वां पर्सेंटाइल निर्धारित किया गया है और इन वर्गों का कटऑफ 226 अंक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *